ब्रसेल्स। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों यूरोप दौरे पर हैं। गुरुवार को उन्होंने बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में यूरोपीय यूनियन के सांसदों से मुलाकात की। गुरुवार को ब्रसेल्स में यूरोपीय संसद के सदस्यों के साथ राहुल गांधी ने एक राउंड टेबल बैठक में भाग लिया। राहुल की इन सांसदों से मुलाकात को एल्विना एल्मेत्सा ने होस्ट किया। उनके साथ पियरे लारोतुरो भी थे।



कांग्रेस के आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एक पोस्ट में कहा गया है, 'राहुल गांधी ने यूरोपीय संसद में एमईपी के साथ एक राउंड टेबल बैठक में भाग लिया। इस बैठक में यूरोपीय संसद की सदस्य और भारत-ईयू संबंधों की समन्वयक अलवीना अल्मेत्सा) और संसदीय बजट, पर्यावरण और रोजगार विभाग के प्रमुख और यूरोपीय संघ संसद के सदस्य पियरे लैराउटुरौ भी शामिल थे।' इस बैठक के दौरान राहुल गांधी के साथ इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा भी मौजूद थे।





ब्रसेल्स में हुई चर्चा संसद के आधिकारिक दैनिक एजेंडे में शामिल नहीं थी। कांग्रेस पार्टी के सूत्रों ने कहा कि चर्चा सफल रही। दिन का समापन बेल्जियम स्थित भारतीय प्रवासियों के साथ रात्रि भोज पर बातचीत के साथ हुआ। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के मुताबिक राहुल गांधी शुक्रवार को ब्रसेल्स में उद्योगपतियों के साथ बैठक और मीडिया से बातचीत के बाद पेरिस के लिए रवाना हो जाएंगे।



शुक्रवार को फ्रांस की राजधानी में मीडिया को संबोधित करने का उनका कार्यक्रम है। इसके बाद 11 सितंबर को राहुल गांधी नॉर्वे जाएंगे, जहां वह राजधानी ओस्लो में सांसदों से मुलाकात करेंगे। वह प्रवासी भारतीयों से भी मिलेंगे और ओस्लो विश्वविद्यालय में एक बैठक में हिस्सा लेंगे। राहुल का ये दौरा ऐसे समय हो रहा है जब देश की राजधानी दिल्ली में G20 समिट हो रही है। गांधी का जी20 शिखर सम्मेलन के समापन के एक दिन बाद 12 सितंबर की रात स्वदेश लौटने का कार्यक्रम है।