मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची का दायरा बढ़ा है। विशेष सारांश पुनरीक्षण (SSR) 2027 के तहत जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 8 लाख 18 हजार 563 नए मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं। इसके बाद प्रदेश में कुल पंजीकृत मतदाताओं की संख्या बढ़कर 5 करोड़ 47 लाख 99 हजार 628 हो गई है। चुनाव आयोग के मुताबिक, नए मतदाताओं में महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, फरवरी 2026 में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद जारी अंतिम मतदाता सूची में प्रदेश में 5 करोड़ 39 लाख 81 हजार 65 मतदाता दर्ज थे। नई ड्राफ्ट सूची में 4 लाख 38 हजार 361 महिलाओं और 3 लाख 80 हजार 169 पुरुषों के नाम बढ़े हैं। इसके अलावा 33 ट्रांसजेंडर मतदाता भी सूची में शामिल हुए हैं।
नई सूची के मुताबिक, मध्य प्रदेश में अब 2 करोड़ 82 लाख 85 हजार 144 पुरुष और 2 करोड़ 65 लाख 13 हजार 547 महिला मतदाता हैं। वहीं, ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या 937 पहुंच गई है। SIR की फरवरी में जारी सूची में पुरुष मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 79 लाख 4 हजार 975, महिलाओं की 2 करोड़ 60 लाख 75 हजार 186 और ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या 904 थी।
उम्र के लिहाज से देखें तो प्रदेश की मतदाता सूची में 30 से 39 वर्ष के लोगों का हिस्सा सबसे बड़ा है। इस आयु वर्ग में 1 करोड़ 40 लाख 50 हजार 865 मतदाता दर्ज हैं। वहीं, 20 से 29 साल की उम्र के 1 करोड़ 29 लाख 48 हजार 107 लोग मतदाता सूची में शामिल हैं। ये आंकड़े युवा और मध्यम आयु वर्ग के मतदाताओं की बड़ी भागीदारी को दर्शाते हैं।
चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी करने के साथ ही दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। मतदाता 11 दिसंबर तक सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने या किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। इन आवेदनों की जांच और निपटारे के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
इससे पहले मध्य प्रदेश में SIR की प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक आरोप प्रत्यारोप भी सामने आए थे। कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि पुनरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए। वहीं, भाजपा ने चुनाव आयोग की प्रक्रिया का समर्थन करते हुए कहा था कि इसका मकसद केवल मृत, अनुपस्थित, दूसरे स्थानों पर जा चुके और एक से अधिक जगह दर्ज मतदाताओं के नाम हटाना था।
ऐसे में नए ड्राफ्ट में 8.19 लाख से अधिक मतदाताओं का जुड़ना राजनीतिक और चुनावी लिहाज से अहम माना जा रहा है। मध्य प्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव 2028 के अंत में प्रस्तावित है। राज्य की 230 विधानसभा सीटों में 47 सीटें अनुसूचित जनजाति और 35 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।
प्रदेश में लोकसभा की कुल 29 सीटें हैं। इनमें 6 सीटें अनुसूचित जनजाति और 4 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। वहीं, 2011 की जनगणना में मध्य प्रदेश की आबादी 7.26 करोड़ दर्ज की गई थी। अब राज्य की जनसंख्या लगभग 9.05 करोड़ होने का अनुमान है।