मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में शनिवार सुबह एक बार फिर भूकंप के झटकों से लोगों में अफरा तफरी मच गई। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.5 दर्ज की गई। करीब 3 से 4 सेकंड तक जमीन में कंपन महसूस हुआ था। अचानक घरों और आसपास की इमारतों में हलचल होने से लोग घबराकर बाहर निकल आए थे। खास बात यह है कि जिले में 25 दिन के अंदर दूसरी बार भूकंप आया है। इससे पहले 18 अक्टूबर को भी 4.1 तीव्रता के झटके दर्ज किए गए थे।

भूकंप का असर शहर के अलग अलग इलाकों में महसूस किया गया। सनावद रोड स्थित अविसंस स्कूल में भी कंपन होने पर एहतियात के तौर पर बच्चों को कक्षाओं से निकालकर स्कूल के मैदान में पहुंचाया गया। स्थिति सामान्य होने के बाद शिक्षकों ने विद्यार्थियों को भूकंप आने की स्थिति में खुद को सुरक्षित रखने और बचाव के जरूरी तरीके समझाए।

स्थानीय लोगों ने भी कंपन के दौरान घरों में सामान हिलने और खिसकने की बात बताई। दीपक कानूनगो, प्रभुराम मालवी और बसंत सोनी के मुताबिक, सुबह अचानक घर में कंपन शुरू हुआ। इस दौरान सोफा तक अपनी जगह से खिसक गया था। स्थिति को देखते हुए वे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ तुरंत घर से बाहर आ गए।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के आंकड़ों के मुताबिक, भूकंप का केंद्र 21.590 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 75.552 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। यह स्थान खरगोन से लगभग 23 किलोमीटर दूर और धामनोद से करीब 69 किलोमीटर दक्षिण दिशा में है। भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज किया गया है।

इससे पहले 18 अक्टूबर को दोपहर 12 बजकर 14 मिनट पर भी जिले में भूकंप आया था। उस समय इसकी तीव्रता 4.1 मापी गई थी। शनिवार को आए भूकंप की तरह पिछली बार भी इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था। लगातार दूसरी बार झटके महसूस होने से क्षेत्र में लोगों के बीच चिंता बढ़ गई है।

खरगोन के एसडीएम सत्येंद्र बैरवा ने बताया कि जिले के कई हिस्सों से भूकंप के झटके महसूस किए जाने की जानकारी मिली है। प्रशासन की ओर से संबंधित क्षेत्रों से जानकारी जुटाई गई है। फिलहाल किसी तरह के जान माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और भूकंप को लेकर फैलने वाली अपुष्ट खबरों या अफवाहों पर भरोसा नहीं करने की अपील की है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।