भारत ने अंडर 19 एशिया कप के फाइनल में 1 विकेट से पाकिस्तान को हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। टूर्नामेंट में भारत ने 9वीं बार जीत हासिल की है। ओमान में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 338 रनों का बड़ा टारगेट खड़ा किया था। इसके जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने आखिरी ओवर में जीत अपने नाम की। भारत की इस जीत में कप्तान लक्ष्य रायचंदानी, सलामी बल्लेबाज आर्यवीर शहवाग, मनल चौहान और मोहित उल्वा की अहम भूमिका रही। मोहित उल्वा ने आखिरी गेंद पर चौका जड़ भारत को जीत दिलाई थी।

टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था और निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट पर 337 रन बनाए थे। टीम की ओर से उस्मान खान ने शानदार शतक लगाया था। उन्होंने 11 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 107 रन बनाए थे। उस्मान ने अब्दुल कादिर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 135 रन की साझेदारी की था। उनके साथ मिलकर कादिर ने 80 रन बनाए थे। 

यह भी पढ़ें:15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, बने दुनिया के सबसे युवा T20 कप्तान

इससे पहले उस्मान और हयाम खान ने शुरुआती 7 ओवर में अर्धशतकीय साझेदारी कर पाकिस्तान को तेज शुरुआत दिलाई थी। हालांकि, हयाम 21 रन बनाकर ही आउट हो गए थे। भारत की ओर से काव्य पटेल ने 4 विकेट लेकर पाकिस्तान की रन गति पर अंकुश लगाने की कोशिश की थी। जबकि, सी. वेंकट ने 3 विकेट हासिल किए थे।

338 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने मजबूती दी। उन्होंने 5 चौकों की मदद से 80 रन बनाए। आर्यवीर सहवाग ने भी 9 चौकों के सहारे 58 रन की पारी खेली। दोनों की पारियों ने भारत को लक्ष्य के करीब पहुंचाया।

हालांकि, नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से मुकाबला आखिरी ओवर तक खिंच गया। मोहित उल्वा ने 49 रन बनाकर नाबाद रहते हुए टीम को जीत दिलाई। आखिरी गेंद पर चौका लगाकर उन्होंने भारत की खिताबी जीत पर मुहर लगा दी। इस तरह भारतीय टीम ने पाकिस्तान के 337 रन के जवाब में 339 रन बनाकर एक विकेट से मुकाबला अपने नाम किया और अंडर-19 एशिया कप का नौवां खिताब जीत लिया।

यह भी पढ़ें:गिग वर्कर्स को बंधुआ मजदूर बनाना चाहती है BJP, हैदराबाद में गिग वर्कर्स की रैली में बोले राहुल गांधी

भारत ने अंडर 19 एशिया कप का खिताब इससे पहले 1989, 2003, 2012, 2013-14, 2016, 2018, 2019 और 2021 में जीता था। साल 2012 में भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल टाई होने के कारण दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था। इसके बाद भारत ने 2022 से 2025 तक लगातार तीन संस्करणों में खिताब नहीं जीता। अब 2026 के फाइनल में पाकिस्तान को हराकर भारत ने चार साल बाद फिर ट्रॉफी अपने नाम की है। यह अंडर 19 एशिया कप के इतिहास में भारत का 9वां खिताब है।