जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में मंगलवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। कटनी से जबलपुर आ रही एक यात्री बस ने गोसलपुर के पास एनएच 30 पर गेहूं से भरे ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 50 से अधिक यात्री घायल हो गए। इनमें 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ था। शुरुआती जांच में बस चालक की लापरवाही सामने आई है। हादसे के बाद क्रेन की मदद से बस को सड़क से हटाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस तेज रफ्तार में थी और ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान उसने आगे चल रहे ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर पलट गई और बस भी अनियंत्रित होकर सड़क पर उलट गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू कर दिया।

यह भी पढ़ें:MP में 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, 39 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोसलपुर और सिहोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से अस्पतालों तक पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, घायलों में से 18 लोगों का इलाज गोसलपुर में, 21 का सिविल अस्पताल सिहोरा में चल रहा है। जबकि, गंभीर रूप से घायल 6 यात्रियों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सभी घायलों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

गोसलपुर थाना प्रभारी गाजीवती पुषाम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस चालक की लापरवाही सामने आई है। उन्होंने कहा कि बस ने ओवरटेक करते समय ट्रैक्टर को टक्कर मारी थी। जिसकी वजह से यह दुर्घटना हो गया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है और वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर (MP20AC0372) गेहूं की बोरियां लेकर सिहोरा से गांधीग्राम जा रहा था। जबकि, बस (MP20PA9849) कटनी से जबलपुर की ओर जा रही थी।

यह भी पढ़ें:होर्मुज में फिर बढ़ा तनाव, अमेरिका ने 7 ईरानी नावें डुबोईं, ट्रंप ने दी ईरान को धरती से मिटाने की धमकी