MP में 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, 39 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। मौसम विभाग ने राज्य के 39 जिलों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मध्य प्रदेश में मंगलवार सुबह से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। धार, बड़वानी और झाबुआ समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। भोपाल मौसम केंद्र ने राज्य के 39 जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, जबलपुर, सिंगरौली, सीधी, शहडोल, उमरिया और कटनी में सबसे तेज आंधी चलने की संभावना है। इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, मऊगंज, मैहर, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें:होर्मुज में फिर बढ़ा तनाव, अमेरिका ने 7 ईरानी नावें डुबोईं, ट्रंप ने दी ईरान को धरती से मिटाने की धमकी
इससे पहले सोमवार को भी प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में आंधी और बारिश का असर देखने को मिला था। वहां कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई थी। मौसम में यह बदलाव प्रदेश में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और दो ट्रफ लाइनों के कारण हो रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 8 मई तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है।
ग्वालियर में मंगलवार सुबह हल्की बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई थी। हालांकि, उमस बनी रही थी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के साथ पूर्वी मध्य प्रदेश में बने चक्रवाती हवाओं के प्रभाव से अगले 24 घंटों में कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें:बंगाल-असम में भाजपा की एकतरफा जीत, MP में पार्टी कार्यकर्ताओं ने झालमुड़ी बांटकर मनाया जश्न
झाबुआ जिले में तेज आंधी के साथ बारिश शुरू होते ही जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली वहीं किसानों की परेशानी बढ़ गई है। खुले में रखी गेहूं की उपज भीगने का खतरा पैदा हो गया है। कई खरीदी केंद्रों पर पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण किसान अपनी फसल बचाने के लिए जद्दोजहद करते नजर आए। किसानों ने प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
धार जिले के कुक्षी और टांडा क्षेत्रों में करीब 20 मिनट तक तेज बारिश और आंधी चली जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, राजगढ़ जिले के बरमंडल क्षेत्र में करीब 15 मिनट तेज बारिश हुई। जबकि, लाबरिया और सरदारपुर में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
बड़वानी जिले में सुबह करीब 10 बजे से आंधी-बारिश का दौर जारी है। जिससे तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। इसी तरह धार जिले में सुबह का तापमान 37-38 डिग्री से गिरकर 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। जबकि, दोपहर का पारा भी 42-44 डिग्री से नीचे आ गया है।
यह भी पढ़ें:रीवा एयरपोर्ट पर बड़ी लापरवाही, 72 बुकिंग के बावजूद भेजा 48 सीटर विमान, यात्री भड़के
विशेषज्ञों का मानना है कि यह बारिश कृषि के लिहाज से लाभकारी भी हो सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि इससे मिट्टी में नमी बढ़ेगी और आने वाली फसलों को फायदा मिलेगा। हालांकि, वर्तमान में खुले में रखी उपज के लिए यह स्थिति नुकसानदायक साबित हो सकती है।
प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है। साथ ही बिजली गिरने और तेज हवाओं से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह के बदलाव जारी रह सकते हैं। जिससे गर्मी से राहत मिलने की संभावना बनी हुई है।
यह भी पढ़ें:बिहार के भागलपुर में विक्रमशिला सेतु का 34 मीटर हिस्सा ढहा, 16 जिलों की कनेक्टिविटी प्रभावित




