भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पूल गेम की रंजिश ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया जिसने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। टीला जमालपुरा थाना क्षेत्र के गणेश चौक स्थित एक स्नूकर क्लब में 10वीं कक्षा के 16 वर्षीय छात्र पर दो नाबालिगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान दोनों नाबालिग आरोपियों ने पीड़ित पर 30 सेकेंड के भीतर कुल 27 बार चाकू से वार किया था। जिसकी वजह से वह बुरी तरह घायल हो गया था।

यह घटना 15 फरवरी की रात करीब 9 बजे की है। हालांकि, इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज 22 फरवरी को सामने आया जिसमें दोनों आरोपी फिल्मी अंदाज में क्लब में घुसते और ताबड़तोड़ वार करते नजर आ रहे हैं। चौंकाने वाली बात यह भी है कि हमले का वीडियो खुद आरोपियों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जिससे पीड़ित के परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश और बढ़ गया है।

यह भी पढ़ें:CG कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, लखेश्वर बघेल बने उपनेता प्रतिपक्ष, दलेश्वर साहू को चीफ व्हिप की जिम्मेदारी

गंभीर रूप से घायल छात्र भोपाल के गौतम नगर थाना क्षेत्र का निवासी है और रोजाना गणेश चौक स्थित स्नूकर क्लब में खेलने आता था। हमले में उसकी एक कलाई पर 10 से अधिक गहरे कट लगे हैं। जबकि, दूसरे हाथ की दो उंगलियां कट गई हैं। इसके अलावा कंधे और पीठ पर भी गंभीर चोटों के निशान हैं। बेरहमी से किए गए इस हमले के बावजूद छात्र किसी तरह हमलावरों के चंगुल से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावर और पीड़ित तीनों 10वीं कक्षा के छात्र हैं और एक ही कोचिंग संस्थान में पढ़ते हैं। कुछ दिन पहले स्नूकर क्लब में ही पूल गेम को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और तनातनी हुई थी। उसी दौरान पीड़ित छात्र ने दोनों आरोपियों को थप्पड़ मार दिए थे। इसी अपमान का बदला लेने के लिए 15 फरवरी की रात दोनों नाबालिग क्लब में पहुंचे और पहले से घात लगाकर बैठे रहे। जैसे ही पीड़ित अंदर पहुंचा वैसे ही दोनों ने उस पर चाकू और छुरी से लगातार वार करना शुरू कर दिया और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।

यह भी पढ़ें:तेजस फाइटर जेट का ब्रेक फेल, रनवे से आगे निकला, IAF ने सभी 30 विमानों को किया ग्राउंड

घटना की जानकारी अस्पताल से पुलिस को मिली। शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट में चोटों को सामान्य बताया गया जिसके आधार पर पुलिस ने मारपीट से जुड़ी साधारण धाराओं में एफआईआर दर्ज की। दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया लेकिन मामला प्रारंभिक रूप से सामान्य धाराओं में दर्ज था इसलिए उन्हें नोटिस देकर थाने से छोड़ दिया गया। टीला जमालपुरा थाना प्रभारी आशुतोष उपाध्याय और मामले की जांच से जुड़े सब इंस्पेक्टर मनीपाल सिंह भदौरिया ने मीडिया को बताया कि विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद चोटों की गंभीरता के आधार पर धाराओं में इजाफा किया जाएगा।