सीहोर। मध्य प्रदेश में एनालॉग पनीर के उत्पादन और बिक्री पर रोक के बावजूद इसका कारोबार जारी है। खाद्य विभाग की कार्रवाई में सीहोर जिले के पचामा गांव स्थित रुद्रांश फैक्ट्री से 25 क्विंटल एनालॉग पनीर जब्त किया गया है। वहीं, राजधानी भोपाल के सोनागिरी इलाके में गोपाल डेयरी से भी 60 किलो पनीर पकड़ा गया जिसे सीहोर से लाकर शहर में खपाने की तैयारी थी। दोनों मामलों में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने कार्रवाई की है।
सीहोर में संभागीय उड़न दस्ता भोपाल और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार देर रात रुद्रांश फैक्ट्री पर छापा मारा। टीम ने जांच के दौरान बड़ी मात्रा में तैयार एनालॉग पनीर बरामद किया और करीब 25 क्विंटल माल को जब्त कर सील कर दिया। संभागीय उड़न दस्ता प्रभारी पंकज श्रीवास्तव के मुताबिक, खाद्य आयुक्त को फैक्ट्री में नकली और एनालॉग पनीर बनाए जाने की शिकायत मिली थी। इसके बाद टीम ने अचानक फैक्ट्री पहुंचकर जांच की।
यह भी पढ़ें:इंदौर में स्वाइन फ्लू से पहली मौत, 60 वर्षीय महिला ने 16 दिन इलाज के बाद तोड़ा दम
जांच के दौरान टीम को पनीर तैयार करने की प्रक्रिया में भी गड़बड़ियां मिली। अधिकारियों के अनुसार, फैक्ट्री में नमक और शक्कर का इस्तेमाल पाया गया। पैकेजिंग और लेबलिंग में भी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। पैकेट पर कंपनी और उत्पाद का नाम दर्ज नहीं था और लेबल से जुड़ी अन्य अनियमितताएं भी सामने आई।
रुद्रांश फैक्ट्री पर पहले भी कार्रवाई हो चुकी है। उड़न दस्ते ने 12 अगस्त को यहां छापा मारकर 2 क्विंटल एनालॉग पनीर जब्त किया था। इसके बावजूद फैक्ट्री में दोबारा बड़े पैमाने पर इसका उत्पादन किए जाने का मामला सामने आया है। ताजा कार्रवाई में जब्त किए गए 25 क्विंटल पनीर को अधिकारियों ने सील कर दिया है।
यह भी पढ़ें:राम मंदिर प्रसाद के नाम पर मिठाई बेचने पर CCPA सख्त, अमेजन पर लगाया 1 लाख रुपए का जुर्माना
दूसरी ओर भोपाल में खाद्य विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर सोनागिरी स्थित गोपाल डेयरी में छापा मारा। सूचना मिली थी कि बाजार में कम कीमत पर सिंथेटिक या मिलावटी पनीर की सप्लाई की जा रही है। जांच के दौरान टीम को 60 किलो पनीर मिला। अधिकारियों के मुताबिक, यह पनीर सीहोर जिले से भोपाल लाया गया था और इसे शहर में खपाने की तैयारी थी। टीम ने पनीर को जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर सवाल उठ रहा है कि प्रतिबंध के बावजूद एनालॉग पनीर का उत्पादन और दूसरे जिलों में सप्लाई कैसे जारी है।
यह भी पढ़ें:हॉकी वर्ल्ड कप में भारत की पाकिस्तान पर बड़ी जीत, 5-3 से हराकर टॉप-8 में पहुंची टीम