भोपाल। रेलवे के जरिए प्रतिबंधित जानवरों की तस्करी का एक गंभीर मामला सामने आया है। पटना-इंदौर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 19322) के एच-1 कोच में तैनात अटेंडेंट को 311 जीवित कछुओं के अवैध तस्करी के आरोप में पकड़ा गया है। यह कार्रवाई 3 फरवरी 2026 को रेलवे सुरक्षा बल ने नियमित जांच के दौरान की।
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी जसराम गूज के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक हेमंत कुमार राजपूत और आर. जॉनी कुमार ट्रेन की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एच-1 कोच में कार्यरत अटेंडेंट अजय सिंह राजपूत पर उन्हें संदेह हुआ। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद दो बैगों से बड़ी संख्या में छोटे-छोटे जीवित कछुए बरामद किए गए।
परतिबंधित वन्यजीवों के अवैध तस्करी का मामला होने पर अटेंडेंट को तुरंत ट्रेन से उतारकर आरपीएफ पोस्ट संत हिरदाराम नगर लाया गया। वहां बैगों की गिनती करने पर कुल 311 जीवित कछुए पाए गए जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग भोपाल को तत्काल अवगत कराया गया। इसके बाद वन विभाग के एसडीओ विनोद सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान कछुओं की प्रजाति इंडियन टेंट टर्टल पाई गई जो वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित श्रेणी में आती है।
वन विभाग ने आरोपी को 311 कछुओं सहित अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 273/23 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। बरामद सभी कछुओं को सुरक्षित रूप से वन विभाग की निगरानी और संरक्षण में रखा गया है।