भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का तीसरा दिन हंगामेदार रहा। बुधवार को कांग्रेस ने लगातर बढ़ती महंगाई और डीज़ल पेट्रोल के दामों के खिलाफ सदन से वॉक आउट किया। कांग्रेस विधायक सदन से बाहर आने के बाद विधानसभा परिसर में गांधी प्रतिमा के पास जमा हो गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। इस दौरान विधायकों ने अपने शरीर पर डीजल-पेट्रोल की कीमतें कम करने की मांग करने वाले बैनर भी लटका रखे थे। सदन से वॉक आउट करने से पहले कांग्रेस विधायकों ने हाउस के भीतर भी हंगामा किया। कांग्रेस विधायकों का आरोप है कि मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार जनता को छल रही है। जनता की जेब पर डाका डाला जा रहा है। 

और पढ़ें: महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, साइकिल से विधानसभा गए कांग्रेस विधायक

दरअसल विधानसभा में कांग्रेस ने शून्यकाल के दौरान पेट्रोल और डीजल की मूल्य वृद्धि पर चर्चा कराने की मांग की थी। जब सरकार ने इस मुद्दे पर चर्चा नहीं करवाई तो विपक्ष के विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। इस वॉक आउट की घोषणा कांग्रेस विधायक प्रियव्रत सिंह ने सदन में की। इसके बाद सभी कांग्रेस विधायक सदन के बाहर निकले और बाहर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेसियों ने गांधी प्रतिमा के सामने धरना भी दिया।

नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ ने सरकार पर चर्चा से बचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल मूल्यवृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार कोरोना का डर दिखाकर विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।

और पढ़ें: ‌4.58 करोड़ में सजे शिवराज कैबिनेट के मंत्रियों के बंगले, सबसे ज़्यादा खर्च ख़ुद सीएम के बंगले पर

मंगलवार को हुई क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक में प्रदेश में धरना प्रदर्शन मेले के आयोजन पर रोक लगाने का फैसला लिया गया है। विपक्ष का मानना है कि यह सरकार की सोची समझी प्लानिंग है, ताकि पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस के आंदोलन को दबाया जा सके। आगामी 3 मार्च को कांग्रेस विधानसभा का घेराव करने का एलान भी कर चुकी है।

और पढ़ें: मंत्री उषा ठाकुर की मास्क नहीं लगाने पर अजब दलील, वैदिक जीवन जीने वालों को नहीं छुएगा कोरोना

कांग्रेस लगातार ईंधन के बढ़ते दामों के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है। बीते शनिवार यानि 20 फरवरी को मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने आधे दिन का बंद रखा था। वहीं सोमवार को विधानसभा सत्र के पहले दिन कांग्रेस के विधायक साइकिल पर सवार होकर विधानसभा पहुंचे थे और महंगाई का विरोध किया था।