‌4.58 करोड़ में सजे शिवराज कैबिनेट के मंत्रियों के बंगले, सबसे ज़्यादा खर्च ख़ुद सीएम के बंगले पर

विधान सभा में लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव ने दी जानकारी, कहा दोबारा सरकार बनने के बाद 10 महीने में मंत्रियों के बंगलों की सजावट पर खर्च हुई ‌4.58 करोड़ की रक़म

Updated: Feb 24, 2021, 06:54 AM IST

Photo Courtesy:  mpvidhansabha
Photo Courtesy: mpvidhansabha

भोपाल। एक तरफ मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश की तंगहाली का रोना रोती है, वहीं दूसरी तरफ कोरोना महामारी के दौर में भी मंत्रियों के बंगलों की सजावट में साढ़े चार करोड़ से ज्यादा की रकम खर्च की जाती है। इस बात की जानकारी एक सवाल के जवाब में लोकनिर्माण मंत्री गोपाल भार्गव ने विधानसभा में दी है। उन्होंने बताया है कि कांग्रेस सरकार को गिराकर दोबारा सत्ता पाने के बाद 10 महीनों में मंत्रियों के बंगलों की साज-सज्जा पर 4.58 करोड़ से अधिक का खर्चा हुआ है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के बंगले की सजावट में एक करोड़ रुपए का खर्चा किया गया है। वहीं दूसरे नंबर पर खुद PWD मंत्री हैं,  उनके सरकारी बंगले की सजावट पर 56 लाख रुपए लगे हैं। करीब साढ़े 14 लाख रुपए का खर्चा मंत्री मोहन यादव के बंगले पर किया गया है। यशोधरा राजे के बंगले पर सबसे कम, सिर्फ 1495 रुपए खर्च हुए हैं।

विधानसभा में विधायक पांचीलाल मेड़ा ने सवाल पूछा था, जिसके जवाब में मंत्री गोपाल भार्गव ने जानकारी दी है। सदन को दी गई जानकारी में कहा गया है कि कैबिनेट के मंत्रियों के बंगलों पर यह खर्चा 1 अप्रैल 2020 से 31 जनवरी 2021 तक  हुआ है। मंत्रियों के बंगलों के रिनोवेशन पर कुल 4.58 करोड़ का खर्चा आया है। जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के आवास में बिजली के काम में करीब 81 लाख से ज्यादा खर्चा हुआ है। जबकि सिविल वर्क पर 18.52 लाख का खर्चा आया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के दो बंगले हैं, एक 74 बंगला पर और दूसरा बी-8 में 13.41 लाख का काम हुआ है।

सिविल वर्क में मुख्यमंत्री के बंगले से ज्यादा गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के आवास पर 44 लाख से ज्यादा का खर्चा हुआ है। नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह 31 लाख, कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए स्वास्थ्य मंत्री का जिम्मा सम्हाल रहे प्रभुराम चौधरी के आवास पर 27 लाख से ज्यादा, सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया 19 लाख और सिंधिया समर्थक परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के आवास पर 18 लाख खर्च हुआ है। इस लिस्ट के हिसाब से सबसे कम सिविल वर्क का काम खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया और इमरती देवी के आवास पर हुआ है।