मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज में हुई हिंसा मामले में राज्य सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। इस मामले में मऊगंज के कलेक्टर अजय श्रीवास्तव और एसपी रसना ठाकुर पर गाज गिरी है। सरकार ने इन दोनों ही अधिकारियों को यहां से हटा दिया है। संजय कुमार जैन को मऊगंज का नया कलेक्टर और दिलीप कुमार सोनी को नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
दरअसल 15 मार्च को मऊगंज में दो पक्षों के बीच हुए विवाद को सुलझाने पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया था। इसमें एक एएसआई की मौत हो गई थी जबकि कई पुलिस कर्मी घायल हुए। पुलिस जिस युवक को बचाने पहुंची थी उसे भी नहीं बचा पाई। उसे भी बंधक बनाकर ग्रामीणों ने मार डाला।
सरकार ने घटना के 4 दिनों के बाद एक्शन लेते हुए यहां की एसपी रसना ठाकुर को हटा दिया है। इनकी जगह IPS ऑफिसर दिलीप सोनी को नया एसपी बनाया गया है। ये आदेश मध्य प्रदेश गृह विभाग की ओर से 18 मार्च की देर रात को जारी किया गया। बताया जा रहा है कि यहां हिंसा के बाद DGP कैलाश मकवाना ने एसपी रसना ठाकुर को लापरवाही के चलते जमकर फटकार लगाई थी। अब उनका ट्रांसफर कर भोपाल पुलिस मुख्यालय भेजा गया है।
उज्जैन में लोकायुक्त विशेष पुलिस स्थापना के अधीक्षक (SP) के पद पर कार्यरत दिलीप सोनी को मऊगंज का एसपी बनाया गया है। यहां वे बतौर पुलिस कप्तान जिले की कानून व्यवस्था संभालेंगे। वहीं, कलेक्टर अजय श्रीवास्तव को हटाकर उप सचिव, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग में नियुक्त किया गया है। उनकी जगह 2015 बैच के आईएएस संजय कुमार जैन को मऊगंज का कलेक्टर बनाया गया है।
बता दें कि मंगलवार तक इस मामले में 29 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। चौथे दिन भी गड़रा गांव में करीब 250 पुलिसकर्मी तैनात हैं। इधर, घटना के चार दिन बाद हमले का नया वीडियो सामने आया है। इसमें टीआई संदीप भारती महिलाओं के सामने हाथ जोड़कर बंधक को छोड़ने के लिए कहते दिख रहे हैं।