आगर मालवा। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध बगलामुखी माता मंदिर में 500 रुपये की चप्पल चोरी का मामले ने तूल पकड़ लिया है। नायब तहसीलदार अरुण चंद्रवंशी ने शिकायत की थी कि उनकी चप्पल चोरी हुई है। खास बात यह रही कि महज 10 मिनट में गायब हुई चप्पलों की शिकायत थाने तक पहुंच गई। जिसके बाद सीसीटीवी खंगाले गए और संदिग्ध को पकड़ भी लिया गया।
घटना 2 मार्च की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, नायब तहसीलदार अरुण चंद्रवंशी दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने रसीद काउंटर के पास अपनी लगभग 500 रुपये कीमत की चप्पलें उतारी और दर्शन के लिए अंदर चले गए। करीब 10 मिनट बाद जब वे लौटे तो चप्पलें वहां नहीं थी। पहले तो आसपास तलाश की गई लेकिन कुछ पता नहीं चला।
मामले को हल्के में न लेते हुए अधिकारी ने अपने साथ मौजूद पटवारी के साथ करीब एक घंटे तक चप्पलों की तलाश की। मंदिर परिसर में आए दिन जूते चप्पल और अन्य सामान चोरी होने की बात सामने आई। जिसे लेकर उन्होंने इसे सिर्फ निजी नुकसान नहीं बल्कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा मुद्दा बताया।
इसके बाद उन्होंने बाकायदा लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई। शिकायत में चप्पलों की कीमत, स्थान और समय का स्पष्ट उल्लेख किया गया। साथ ही थाना प्रभारी और पुलिस अधीक्षक को भी मामले की जानकारी दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दोपहर 3 बजकर 20 मिनट पर एक व्यक्ति को चप्पल ले जाते हुए देखा गया।
पहचान के बाद पुलिस हरकत में आई और संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने चप्पल चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।