नीमच। मध्य प्रदेश के मंदसौर में भाजपा नेता की गुंडागर्दी देखने को मिली है। यहां नीमच बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष अनिल नागौरी का महिला टोलकर्मी के साथ बदसलूकी का वीडियो सामने आया है। इसमें वह महिला टोलकर्मी को गाली और धमकी देते नजर आ रहे हैं।



मामला पिपलिया मंडी मंदसौर का बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, नीमच भाजपा उपाध्यक्ष अनिल नागौरी शुक्रवार को किसी काम से मंदसौर आए थे। इस दौरान वे पिपलिया टोल से निकले। यहां उनकी गाड़ी से फास्टैग से टोल के पैसे ऑटोमेटिक कट गए। जब इसका उन्हें मैसेज आया तो भाजपा नेता गुस्से में टोल पर पहुंचे और वहां महिला टोलकर्मी समेत बाकी टोलकर्मियों के साथ बदतमीजी करने लगे।



घटना का जो वीडियो सामने आया है उसमें अनिल नागौरी महिला टोलकर्मी से कह रहे हैं कि औकात में रह, तू मुझे जानती नहीं, तेरी रिपोर्ट भी कोई नहीं लिखेगा। इसके जवाब में महिलाकर्मी कह रही है कि आपका टोल फास्ट ट्रैक से पहले ही कट चुका था। आप मेरे साथ गाली गलौज नहीं कर सकते।





महिला टोलकर्मी ने पिपलिया मंडी थाने में भाजपा नेता के विरुद्ध शिकायत भी दर्ज कराई है। महिला के मुताबिक, भाजपा नेता बिना टोल दिए गाड़ी लेकर जाना चाहते थे इससे पहले ही उनका टोल कट गया। यही बात वह उन्हें समझा रही थी, लेकिन वे गाली गलौज करने लगे। 



घटना को लेकर टोल मैनेजर दिनेश चंद्रयान ने बताया कि भाजपा उपाध्यक्ष की कार पर फास्टैग लगा था, वह जैसे टोल के नजदीक आई तो उनका पेमेंट कट गया। जब कार बूथ पर आई तो उन्होंने अपना कार्ड बताया, तब टोलकर्मी ने उन्हें कहा कि आपका टोल फास्टैग से कट गया है। इस बात पर अनिल नागौरी भड़क गए और 52 रुपए के लिए महिला टोलकर्मी से अभद्रता करने लग गए।