खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। मूंदी थाना क्षेत्र के केनूद के पास तेज रफ्तार थार ने एक कार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह पलटकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। इस हादसे में जलवा बुजुर्ग गांव की पूर्व सरपंच कुसुम (58) और उनके बेटे सौरभ (28) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, इस हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। थार चला रहा व्यक्ति स्थानीय भाजपा से जुड़ा नेता लवकुश राठौर बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
घटना गुरुवार को हुई थी। उस समय परिवार के लोग एक कार में सवार होकर मूंदी जा रहे थे। बताया जा रहा है कि कार सौरभ चला रहा था और उसमें उसकी मां कुसुम, बहन सारिका, रिश्तेदार रविंद्र और एक अन्य सदस्य भी सवार थे। रास्ते में सामने से आ रही थार ने उसकी कार को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों का आरोप है कि यह सिर्फ एक टक्कर नहीं थी बल्कि थार चालक ने कार को रिवर्स लेकर कुल तीन बार टक्कर मारी थी। जिसकी वजह से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर नीचे जा गिरी।
यह भी पढ़ें:भोपाल में शादी के लिए कॉर्मशियल गैस की नई व्यवस्था लागू, कार्ड दिखाकर ले सकेंगे 2 सिलेंडर
इस हादसे में सारिका (25), रविंद्र (32) और एक अन्य रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और बाद में हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। मृतक परिवार के परिजनों ने इसे महज सड़क दुर्घटना मानने से इनकार कर दिया है। उनका आरोप है कि यह एक सुनियोजित हमला है। परिवार के अनुसार, आरोपी लवकुश राठौर उनकी बेटी सारिका के पीछे पड़ा हुआ था और उसकी शादी में बाधा डाल रहा था। सारिका की शादी 5 मई को तय थी।
परिजनों का कहना है कि दो दिन पहले भी आरोपी ने घर आकर धमकी दी थी कि वह शादी नहीं होने देगा। इस संबंध में मूंदी थाने में शिकायत भी की गई थी। हादसे के वक्त परिवार के सदस्य मामले में बयान देने के लिए थाने जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि लवकुश राठौर भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता है और मुरुम का कारोबार करता है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें:MP: शिवपुरी में भाजपा विधायक के बेटे की गुंडागर्दी, थार से 5 लोगों को कुचला