MP: शिवपुरी में भाजपा विधायक के बेटे की गुंडागर्दी, थार से 5 लोगों को कुचला

शिवपुरी में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश ने तेज रफ्तार थार से 5 लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद वह घायलों से बहस कर सीधा जिम चला गया।

Updated: Apr 17, 2026, 01:25 PM IST

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा नगर से गुरुवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने अपनी थार कार से पांच लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन बाइक सवार मजदूर और दो पैदल महिलाएं घायल हो गए। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि हादसे के बाद आरोपी मौके पर घायलों की मदद करने के बजाय उनसे बहस करता रहा और फिर जिम जाने के लिए निकल गया।

घटना सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। दतिया जिले के संहेड़ा गांव के रहने वाले संजय परिहार अपने साथियों आशीष और अंशुल के साथ बाइक से मजदूरी के लिए जा रहे थे। जबकि, आगे दो महिलाएं सीता वर्मा और पूजा सोनी पैदल चल रही थी। तभी पीछे से तेज रफ्तार थार ने सभी को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गाड़ी पर आगे प्रीतम लोधी बैठा था। वहीं, गाड़ी के पीछे MLA लिखा था।

यह भी पढ़ें:150 साल में पहली बार डेली कॉलेज में प्रदर्शन, FIR के खिलाफ ओल्ड डेलियंस का विरोध

हादसे के बाद सामने आए वीडियो में दिनेश लोधी घायलों की मदद करने के बजाय उनसे उल्टा सवाल करते नजर आया। वह कहता दिखा कि उसने सायरन और हॉर्न बजाया था फिर भी लोग रास्ते से क्यों नहीं हटे। घायल लोगों ने जब उससे पूछा कि गाड़ी में ब्रेक नहीं था क्या तो उसने जवाब दिया ब्रेक है पर लहरा क्यों रहे थे?

स्थानीय लोगों का आरोप है कि करैरा क्षेत्र में दिनेश लोधी का लंबे समय से आतंक है और पुलिस भी उसके खिलाफ कार्रवाई करने में हिचकती रही है। शुरुआत में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था लेकिन मामला मीडिया में आने के बाद एफआईआर में उसका नाम जोड़ा गया। करैरा एसडीओपी आयुष जाखड़ ने इसे टेक्निकल गलती बताते हुए कहा कि थाने जाकर एफआईआर में सुधार कराया गया है।

बताया जा रहा है कि हादसे में इस्तेमाल की गई थार बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रही थी। उस गाड़ी पर विधायक का नाम भी लिखा था। आम लोगों पर तुरंत चालान करने वाली पुलिस इस मामले में शुरुआती ढिलाई के कारण सवालों के घेरे में है।

यह भी पढ़ें:दिल्ली एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, दो विमानों के पंख आपस में टकराए

यह पहली बार नहीं है जब दिनेश लोधी विवादों में आया हो। इससे पहले साल 2024 में ग्वालियर के पुरानी छावनी इलाके में उसने स्कॉर्पियो से एक व्यक्ति को कुचलने की कोशिश की थी। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके अलावा विधायक से जुड़े नाम पर रंगदारी मांगने के आरोप भी सामने आ चुके हैं। दिलचस्प बात यह है कि खुद विधायक प्रीतम सिंह लोधी पहले अपने बेटे को सोशल मीडिया पर आवारा और नशे का आदी बता चुके हैं। वहीं, इस ताजा मामले में उन्होंने कहा है कि कानून सभी के लिए समान है और उनके बेटे पर भी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें:IPL 2026: इडली-डोसा गाने पर बवाल, CSK ने BCCI से की RCB की शिकायत