राजगढ़। मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो चली हैं। प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों पर भाजपा और कांग्रेस पूरे दमखम के साथ प्रचार-प्रसार करने में जुटी हुई हैं। एमपी की 29 लोकसभा सीटों में राजगढ़ सीट सबसे ज्यादा चर्चा में है। राजगढ़ से कांग्रेस ने अपने सबसे कद्दावर नेता दिग्विजय सिंह को मैदान में उतारा है। 



दिग्विजय सिंह ने मंगलवार 16 अप्रैल को दुर्गाष्टमी के अवसर पर अपना नामांकन दाखिल किया। इसके बाद वे भैंसवा स्थित प्रसिद्ध मां बिजासन देवी के शरण में पहुंचे और पारंपरिक वेशभूषा में 108 कुंडीय यज्ञ में शामिल हुए। यहां उन्होंने यज्ञशाला में विशेष हवन व अनुष्ठान किया। देर शाम सिंह सारंगपुर विधानसभा के ग्राम संडावदा पहुंचे जहां उन्होंने एक नुक्कड़ सभा को संबोधित किया।



दिग्विजय सिंह जब नुक्कड़ सभा को संबोधित कर रहे थे तभी मंच पर एक युवक पहुंचा और उनसे माईक मांगा। युवक ने इस दौरान भाजपा सांसद रोडमल नागर द्वारा उत्पीड़न की दास्तां सुनाते हुए कहा कि उन्होंने मेरी जमीन हड़प ली बहुत परेशान किया। राजा साहब ने मेरा साथ दिया वरना मैं यहां नहीं होता, राजा साहब के बदौलत में यहां आज इस स्थिति में खड़ा हूं। इतना कहकर युवक भावुक हो गया।





इस दौरान वहां मौजूद अन्य लोगों ने कहा कि भाजपा सांसद के उत्पीड़न से परेशान होकर युवक की मां ने आत्महत्या कर ली। सिंह ने युवक के कंधे पर हाथ रखकर उसे ढांढस बंधाया। सिंह ने इस दौरान उपस्थित जनसमूह से कहा कि ये एक उदाहरण है। भाजपा नेताओं की जमीन की भूख समझ नहीं आती। उन्होंने जमीन के पट्टे बांट लिए। भाजपा के एक नेता ने खुद को जमीन का पट्टा दे दिया। ये लोग विधायक और सांसद जनता की सेवा के लिए नहीं बनते बल्कि पैसा कमाने के लिए बनते हैं।



सिंह ने लोगों से कहा कि जब मैं सांसद था आपके बीच आता था। मेरे कार्यकाल में राजगढ़ में बहुत विकास हुआ, बांध बने, सड़कें बनी, गांव-गांव बिजली पहुंची, शैक्षणिक संस्थाएं और स्वास्थ्य संस्थाएं खुली। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस बार राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र की चहुंमुखी विकास के लिए कांग्रेस को वोट कीजिए।