आगर मालवा। शुक्रवार को आगर मालवा में जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का यह प्रदर्शन सोयाबीन की खराब हुई फसल को लेकर था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंच कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन को कलेक्टर के हवाले किया और जल्द से जल्द सोयाबीन के किसानों को आर्थिक सहायता पहुंचाने की मांग की। 

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी उपवन छावनी से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली। इस दौरान कार्यकर्ता पार्टी का झंडा थामे रहे, और किसानों की मदद की गुहार लगाते रहे। कलेक्ट्रेट पहुंच कर कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। जिसमें यह उल्लेखित किया गया था कि बारिश के कारण सोयाबीन की फसल नष्ट हो गई हैं। जिसकी वजह से क्षेत्र के किसानों को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता की दरकार है। 

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि जल्द से जल्द इन किसानों की फसल का सर्वे करा कर इन्हें आर्थिक मदद यानी फसल पर उचित मुआवजा दिया जाए। इसके साथ ही कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश की पूर्वर्ती कमल नाथ सरकार में ग्राम पंचायत स्तर पर गौशालाओं का निर्माण किया गया था जो कि अब तक पूरा नहीं हुआ है। जिसकी वजह से कई गाय लावारिस भटक रही हैं।