राजगढ़। कांग्रेस के सीनियर नेता व मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह गुरुवार को राजगढ़ जिले के दौरे पर थे। राजगढ़ के जीरापुर में उनकी कार से टकराकर एक युवक घायल हो गया। इस दौरान कांग्रेस नेता ने संवेदनशीलता की मिसाल प्रस्तुत करते हुए घायल युवक को खुद उठाया और उसे अस्पताल लेकर पहुंचे।

जानकारी के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह गुरुवार दोपहर राजगढ़ के जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश पुरोहित के यहां शोक सभा में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने ग्राम कोडक्या स्थित प्रकाश पुरोहित के निवास पर जाकर उनकी माता जी के निधन पर शोक व्यक्त किया। इसके बाद वह अपने निजी वाहन से वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय भेरूलाल पाटीदार के छापीहेड़ा स्थित निवास पर उन्हे श्रद्धांजलि अर्पित करने जा रहे थे।

यह भी पढ़ें: विंध्य फतह के लिए कांग्रेस की व्यूहरचना तैयार, कल से तीन दिवसीय विंध्याचल दौरे पर रहेंगे दिग्विजय सिंह

बताया जा रहा है कि जीरापुर की तरफ जाते समय विजय कॉन्वेंट स्कूल के सामने अचानक से एक मोटर साइकिल सवार युवक तेजी से आकर दिग्विजय सिंह की एसयूवी से टकरा गया। सिंह ने तत्काल अपने काफिले को रोका और खुद वाहन से उतरकर चोटिल युवक को उठाया और उसे कार में बिठाकर अस्पताल पहुंचे। यहां सिंह ने युवक का मरहम पट्टी कराया इसके बाद भोपाल में भी युवक के इलाज की व्यवस्था की।

बताया जा रहा है कि 28 वर्षीय युवक के सिर में मामूली चोटें आई है। डॉक्टरों ने चेकअप करने के बाद सिंह ने कहा कि अब युवक को घर भेजा जा सकता है। घायल युवक ने भी बताया कि वह ठीक है। हालांकि, सिंह ने डॉक्टरों एवं घायल युवक के स्वयं मना करने के बावजूद उसका पूरा चेकअप करवाने के उद्देश्य से उसे भोपाल के लिए रेफर कराया। साथ ही जीरापुर नगर कांग्रेस अध्यक्ष को भी युवक के साथ भोपाल भिजवाया।

यह भी पढ़ें: कर्नाटक में कांग्रेस बनाएगी सरकार, सर्वे रिपोर्ट सामने आते ही सत्तारूढ़ बीजेपी में भगदड़ शुरू

हॉस्पिटल में मौजूद लोगों ने बताया कि जबतक घायल युवक को भोपाल में इलाज का बंदोबस्त कर उसे रवाना नहीं किया गया दिग्विजय सिंह स्वयं अस्पताल में मौजूद रहे। साथ ही भोपाल में अपने परिचित डॉक्टरों को कॉल कर युवक का समुचित जांच और इलाज करने को कहा। इसका खर्च भी स्वयं सिंह ही वहन करेंगे। इस घटना को लेकर एक ओर जहां स्थानीय लोग सिंह की संवेदनशीलता की तारीफ कर रहे हैं, वहीं पुलिस ने जांच प्रक्रिया का हवाला देते हुए उनकी वाहन को जब्त कर लिया। नतीजतन वे दूसरी वाहन से भोपाल के लिए रवाना हुए।