कर्नाटक में कांग्रेस बनाएगी सरकार, सर्वे रिपोर्ट सामने आते ही सत्तारूढ़ बीजेपी में भगदड़ शुरू

कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर किए गए तमाम सर्वे में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनती दिखाई गई, वहीं इंटरनल रिपोर्ट आने के बाद भाजपा में भगदड़ की स्थिति है।

Updated: Mar 09, 2023, 06:40 PM IST

बेंगलुरु। कर्नाटक में अगले कुछ ही महीने में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। राज्य में बीजेपी और कांग्रेस दोनों जीत के दावे कर रहे हैं। हालांकि, चुनाव पूर्व हुए तमाम सर्वे कांग्रेस के राज्य में कांग्रेस की वापसी के संकेत दे रहे हैं। स्वतंत्र एजेंसियों द्वारा कराए गए सर्वे में कांग्रेस पार्टी के 100 से अधिक सीट जीतने की संभावना जाहिर की गई है।

हैदराबाद स्थित एसएएस ग्रुप और कर्नाटक की आईपीएसएस टीम ने राज्य में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर 20 नवम्बर, 2022 से 15 जनवरी, 2023 के बीच आंकड़े जुटाए थे। सर्वे के मुताबिक 224 सदस्यों वाली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 108 से 114 सीट मिलने का अनुमान लगाया गया है। बीजेपी के खाते में 65 से 75 सीट जबकि जनता दल सेक्युलर (JDS) को 24-34 सीट मिलने का अनुमान लगाया गया है।

यह भी पढ़ें: बेमौसम बारिश और आंधी से फसल खराब, बेरंग हुई MP में किसानों की होली, खेत में रोते-बिलखते दिखे किसान

सर्वे में मिलने वाली सीटों की संख्या देखें तो कांग्रेस बहुमत के साथ अथवा चुनाव उपरांत जेडीएस के साथ मिलकर सरकार बना  सकती है। दोनों पार्टियां पहले भी साथ में सरकार गठन कर चुकी हैं। सर्वे के मुताबिक कांग्रेस का वोट शेयर 38.14 प्रतिशत से बढ़कर 40 प्रतिशत होने का अनुमान है। वहीं, बीजेपी के लिए सर्वे के नतीजे बुरी खबर लाए हैं। बीजेपी के वोट शेयर में 2.35 प्रतिशत की गिरावट देखी गई है। सर्वे में बीजेपी का वोट शेयर 36.35 प्रतिशत से घटकर 34 प्रतिशत होने का अनुमान लगाया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ कांग्रेस के इंटरनल सर्वे से भी पार्टी उत्साहित है। सर्वे में कांग्रेस को बहुमत के साथ बड़ी जीत मिलने की उम्मीद जताई गई है। कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कि कांग्रेस पार्टी के सर्वे में उन्हें राज्य की कुल 224 विधानसभा सीटों में से 140 से ज्यादा सीटों पर जीत मिल सकती है। डीके शिवकुमार ने यह भी बताया कि चुनावों से पहले बीजेपी के कई विधायक कांग्रेस पार्टी में शामिल हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें: यह आत्ममुग्धता की पराकाष्ठा है, अपने नाम वाले स्टेडियम में खुद का सम्मान करा चौतरफा घिरे पीएम मोदी

इससे पहले मंगलवार को बीजेपी के दो पूर्व विधायकों और मैसुरू के पूर्व मेयर के कांग्रेस में शामिल हो गए थे। कांग्रेस में इन नेताओं का स्वागत करते हुए शिवकुमार ने यह दावा भी किया कि भाजपा 2022 के गुजरात चुनाव के परिणाम के फौरन बाद कर्नाटक में चुनाव कराना चाहती थी लेकिन संभावित हार को देखते हुए पीछे हट गई। दरअसल, खबर है कि कर्नाटक बीजेपी द्वारा कराए गए आंतरिक सर्वे में भी यही बात निकलकर सामने आई है कि राज्य में कांग्रेस जीत के करीब है। इसी कारण भाजपा में भगदड़ की स्थिति है।