भोपाल। राजधानी भोपाल में कोलार सिक्स लेन बनाने के लिए गरीबों की झुग्गियां तोड़ी जा रही हैं। गरीबों का आशियाना तोड़े जाने के खिलाफ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मोर्चा खोल दिया है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह रविवार देर रात कोलार रोड पर खाट डालकर धरने पर बैठ गए।

दिग्विजय सिंह ने इस दौरान कहा, 'सिक्स लेन निर्माण में नियम और कानून का पालन होना चाहिए। ये वो लोग हैं जो झुग्गियों में रहते हैं और सन 1980 के बाद इन्हें पट्टे दिए गए थे। एक बत्ती कनेक्शन दी गई थी और इन्हें बसाया गया। तब अर्जुन सिंह मुख्यमंत्री थे और मैं मंत्री था। अब सड़क निर्माण के लिए इनका आशियाना तोड़ा जा रहा है तो इन्हें मुआवजा मिलना चाहिए। साथ ही रहने के लिए वैकल्पिक जगह मिलनी चाहिए। रहने के लिए वैकल्पिक जगह देने के पहले इनका आशियाना तोड़ना गलत है।'

यह भी पढ़ें: MP: शहडोल में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, कॉल गर्ल्स के साथ रंगरेलियां मनाते पकड़े गए भाजपा नेता

बता दें कि कोलार सिक्स लेन के लिए जिनके मकान तोड़े गए है, उन्हें अभी तक मुआवजा नहीं दिया गया है। जबकि वादा किया गया था कि तुरंत मकान मिलेगा, लेकिन अब तक ना ही मकान मिला, ना ही मुआवजा। उन्हें रहने के लिए वैकल्पिक जगह भी नहीं मिल पाई है, नतीजतन दर्जनों गरीब परिवार सड़क पर आ गए हैं।

मामले की जानकारी मिलते ही पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह पीड़ितों के पास पहुंचे और ध्यानाकर्षण हेतु रात्रिकालीन धरना प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान सिंह ने सीएम शिवराज पर निशाना साधते हुए कहा कि, 'मुख्यमंत्री चुनाव आते ही बड़े-बड़े वादे करते हैं। लेकिन सच्चाई सब के सामने है।' उन्होंने कहा कि, 'मामले को लेकर मैं भोपाल कलेक्टर और निगम कमिश्नर से बातचीत करूंगा। हम पीड़ितों की आखिरी दम तक हम लड़ाई लड़ेंगे।'

इस दौरान पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश मिश्रा, झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष निकेश चौहान, पार्षद प्रवीण सक्सेना, पार्षद गुडडू चौहान, पूर्व पार्षद मोनू सक्सेना, पार्षद देवांशु कंसाना, पूर्व पार्षद श्रीमती राज सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष दीपू तोमर, मुजाहिद सिद्धकी, राहुल भारती सहित झुग्गीवासी व सैंकड़ों कांग्रेसजन उपस्थित रहे।