भोपाल। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के द्वारा अपने कार्यकर्ताओं के लिए नई सुविधा शुरु की है। पार्टी ने बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में मंत्रियों के बैठने का रोस्टर जारी किया है। इसके तहत सोमवार से शुक्रवार दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक हर दिन अलग-अलग मंत्रियों की पार्टी कार्यालय में ड्यूटी लगेगी। इस दौरान मंत्री अपने पार्टी के कार्यकर्ताओं की समस्या सुनेंगे और उसका निदान करेंगे।
पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुलझाने के लिए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पहल से रोज एक मंत्री को बीजेपी ऑफिस में बिठाने की शुरुआत की गई है। सोमवार से शुक्रवार तक दोपहर एक बजे से तीन बजे तक रोस्टर के अनुसार मंत्री बीजेपी कार्यालय में बैठकर कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे।
सभी मंत्रियों के साथ एक प्रदेश पदाधिकारी की भी ड्यूटी लगाई गई है। संगठन से संबंधित मामलों के निराकरण के लिए प्रदेश पदाधिकारी काम करेंगे। इतना ही नहीं हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर भाजपा के जिला पदाधिकारियों के जिला कार्यालय में बैठने के दिन तय किए जा रहे हैं। जिला अध्यक्ष के लिए भी दिन तय किया जा रहा है कि जिला अध्यक्ष से लेकर कौन से जिला पदाधिकारी किस दिन कार्यालय में बैठकर आम लोगों और कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे।
भाजपा प्रदेश कार्यालय से जारी रोस्टर के मुताबिक फरवरी में 2 तारीख को जगदीश देवड़ा (डिप्टी सीएम), गौतम टेटवाल (मंत्री तकनीकी शिक्षा), मनीषा सिंह (विधायक, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा) कार्यालय में बैठेंगे। इसी तरह तीन फरवरी को राकेश सिंह (पीडब्ल्यूडी मंत्री), दिलीप अहिरवार (वन राज्यमंत्री) – राजेन्द्र सिंह (प्रदेश मंत्री भाजपा) बैठेंगे। इस प्रकार पूरे फरवरी महीने की रोस्टर जारी की गई है।