इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-2 स्थित तारपुरा इलाके में मंगलवार को रामकी एनवायरो कंपनी में तीन भीषण विस्फोट हुए। इन जोरदार विस्फोटों ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया था। जानकारी के अनुसार, इस हादसे में कम से कम 4 लोगों की मौत हुई है। धमाके इतने तेज थे कि उनकी आवाज लगभग एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी थी।

बताया जा रहा है कि कंपनी परिसर में एक के बाद एक तीन जोरदार धमाके हुए थे। विस्फोटों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि नजदीकी तारपुरा और बजरंगपुरा गांवों में झटके महसूस किए गए थे। ग्रामीणों के अनुसार, कंपन के कारण उनके घरों में रखे बर्तन और टेलीविजन तक अपनी जगह से गिर गए। जिसके बाद लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए थे।

यह भी पढ़ें:MP: पेंच टाइगर रिजर्व में बाघ के हमले में युवक की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया हंगामा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। पूरे इलाके को घेरकर स्थिति को नियंत्रण में लिया गया है। नगर पुलिस अधीक्षक रवि सोनेर ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है और तकनीकी विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।

यह कंपनी कचरा प्रबंधन और निपटान का काम करती है। बता दें कि इसी कंपनी ने पिछले साल भोपाल गैस कांड से जुड़े जहरीले कचरे को जलाया था। जिसे लेकर यह कंपनी देशभर में चर्चा में आई थी। ऐसे में ताजा हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और विशेषज्ञों की टीम कंपनी परिसर में विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें:अवैध खनन रोकने में नाकाम है मध्य प्रदेश सरकार, चंबल में रेत खनन पर सुप्रीम कोर्ट ने जताई नाराजगी