MP: पेंच टाइगर रिजर्व में बाघ के हमले में युवक की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया हंगामा
पेंच नेशनल पार्क के जमतरा गेट पर सोमवार रात बाघ ने युवक को बेरहमी से मार डाला। शव तीन हिस्सों में मिला। जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जमतरा गेट पर जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की।
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की सीमा पर स्थित पेंच नेशनल पार्क के कुंभपानी बफर जोन के जमतरा गेट पर सोमवार रात जब बाघ के हमले में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नाहरझिर थोटा निवासी दिनेश के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गेट पर प्रदर्शन करते हुए तोड़फोड़ और आगजनी की। साथ ही भीड़ ने वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को घंटों तक घेरकर विरोध जताया।
जानकारी के अनुसार, बाघ ने दिनेश पर अचानक हमला किया और उसे घसीटकर कोर एरिया के भीतर ले गया। हमले की भयावहता का अंदाजा शव की हालत से लगाया जा सकता है। दिनेश का शरीर बुरी तरह क्षत विक्षत था, कंधे का हिस्सा खाया जा चुका था, एक हाथ अलग था और गर्दन धड़ से अलग पाई गई थी। शव तीन हिस्सों में मिला था।
यह भी पढ़ें:अवैध खनन रोकने में नाकाम है मध्य प्रदेश सरकार, चंबल में रेत खनन पर सुप्रीम कोर्ट ने जताई नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब 15 दिनों से इलाके में बाघ की लगातार मौजूदगी देखी जा रही थी। इस दौरान बाघ ने कई मवेशियों का शिकार भी किया था। इसके बावजूद वन विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से लोगों में पहले से नाराजगी थी जो इस घटना के बाद उग्र हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची लेकिन तब तक सैकड़ों ग्रामीण जमतरा गेट पर जमा होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर चुके थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंचा था। इस दौरान एसडीएम प्रभात मिश्रा, एसडीओ फॉरेस्ट अतुल पारधी, तहसीलदार और चांद थाना प्रभारी राकेश सिंह बघेल सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने करीब तीन घंटे तक ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया गया। जिसके बाद हालात धीरे-धीरे नियंत्रण में आया।
यह भी पढ़ें:MP: मंडला में IPL सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
वन विभाग के उपसंचालक पुनीत गोयल के अनुसार, गश्त के दौरान कर्मचारियों को कोर एरिया में शव दिखाई दिया था। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और ग्रामीणों की मदद से मृतक की पहचान की गई। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।




