मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। लगातार सातवें दिन शीतलहर के कारण प्रदेश ठिठुर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे तक प्रदेश में ठंड का यही हाल रहेगा। सोमवार को भोपाल, जबलपुर समेत 37 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें से 9 जिलों में बर्फ जमने की भी संभावना है।

ग्वालियर प्रशासन ने ठंड को देखते हुए स्कूलों का समय बदल दिया है। अब स्कूल सुबह 9 बजे से शुरू होंगे। इस सीजन में पहली बार पचमढ़ी और शहडोल के कल्याणपुर में शनिवार-रविवार की रात पारा रिकॉर्ड 1 डिग्री तक गिर गया। इंदौर में दिन का तापमान 26.7 डिग्री और रात का तापमान 9.6 डिग्री रहा। जबलपुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाजापुर, आगर-मालवा, राजगढ़, उमरिया, अनूपपुर और मंडला जैसे जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में पेड़-पौधों पर पाला जमने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण प्रदेश में ठंड बढ़ रही है। पश्चिम-उत्तर भारत में 12.6 किमी की ऊंचाई पर 222 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहीं सब-ट्रॉपिकल जेट स्ट्रीम हवाएं प्रदेश में तापमान को तेजी से गिरा रही हैं। सोमवार तक इन हवाओं का असर बना रहेगा।

इस सीजन में पहली बार प्रदेश का न्यूनतम तापमान 1 डिग्री तक दर्ज किया गया। पचमढ़ी और कल्याणपुर के अलावा उमरिया, मंडला, शाजापुर, अनूपपुर, रायसेन, राजगढ़ और बालाघाट के मलाजखंड में भी पारा 5 डिग्री से नीचे पहुंच गया। नौगांव, रीवा, खजुराहो, सतना और टीकमगढ़ में तापमान 6 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।

भोपाल और जबलपुर इस समय प्रदेश के सबसे ठंडे बड़े शहरों में शामिल हैं। भोपाल में रात का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री और जबलपुर में 4 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में पारा 5.2 डिग्री और उज्जैन में 6.8 डिग्री तक गिर गया।

यह भी पढ़ें: संगीत के महानायक जाकिर हुसैन का निधन, 73 वर्ष की आयु में दुनिया को कहा अलविदा

दिसंबर की ठंड ने इस बार पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। आमतौर पर दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में कड़ाके की ठंड पड़ती है, लेकिन इस बार पहले ही पखवाड़े में प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया। नवंबर में भी ठंड ने पिछले कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। भोपाल में 36 सालों में सबसे सर्द नवंबर रहा, जबकि इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और ग्वालियर में भी तापमान सामान्य से 7 डिग्री तक कम दर्ज किया गया। दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।