भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर ग्रीष्मकालीन मूंग की उपज के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर शत-प्रतिशत खरीदी सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
सीएम यादव को संबोधित इस पत्र में दिग्विजय सिंह ने बताया है कि मध्य प्रदेश में वर्ष 2024-25 के दौरान ग्रीष्मकालीन मूंग की खेती में प्रदेश के किसानों ने अभूतपूर्व उत्साह और परिश्रम का परिचय दिया है। राज्य में इस वर्ष मूंग का रकबा 14.5 लाख हेक्टेयर तक पहुँचा है तथा कुल उत्पादन लगभग 20 से 21 लाख टन आंका गया है।
दिग्विजय सिंह ने बताया है कि विगत वर्षों के अनुभवों से यह स्पष्ट हुआ है कि MSP पर खरीदी की व्यवस्था में गंभीर कमियाँ रही हैं। अनेक जिलों से प्राप्त शिकायतों के अनुसार, करीब 75 प्रतिशत किसानों को अपनी उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम दरों पर बेचनी पड़ी, जिससे उन्हें भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी।
दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अनुरोध किया है कि इस वर्ष मूंग की फसल का प्रदेश में कुल संभावित उत्पादन 22 लाख टन है, इसका कम से कम 70 से 80 प्रतिशत (16-18 लाख टन) तक की खरीदी MSP पर करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी अनुरोध किया है कि केंद्र सरकार को मूंग खरीदी संबंधी प्रस्ताव शीघ्र भेजा जाए तथा इसकी जानकारी पारदर्शिता के साथ किसानों को दी जाए।
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने यह भी अनुरोध किया है कि किसानों के लिए पंजीयन हेतु पोर्टल जल्द से जल्द चालू किया जाए ताकि समय रहते उनके द्वारा पंजीयन करना सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा है कि प्रति हेक्टेयर न्यूनतम 15 क्विंटल खरीदी की सीमा निर्धारित की जाए तथा किसानों को पूरी उपज एकमुश्त बेचने की सुविधा दी जाए।