लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रतीक को सुबह करीब 6 बजकर 15 मिनट पर लखनऊ के सिविल अस्पताल में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रतीक की उम्र महज 38 साल थी।
प्रतीक की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा फिलहाल असम में हैं। अपर्णा यादव के भाई अमन सिंह बिष्ट उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सिविल अस्पताल के चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. डीसी पांडेय के मुताबिक, जब प्रतीक को लाया गया, तब उनकी पल्स पूरी तरह डाउन थी। हार्ट भी रुक चुका था।
प्रतीक की मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही ये साफ हो पाएगा कि प्रतीक की मौत का कारण क्या है। इस बीच, सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे और छोटे भाई का शव देखा। बाहर आकर उन्होंने मीडिया से कहा कि यह दुखद है कि वे आज हमारे बीच नहीं हैं। कानून और परिवार के लोग जो कहेंगे, हम उसी बात को मानेंगे।
बता दें कि प्रतीक, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। साधना गुप्ता की पहली शादी 1986 में चंद्रप्रकाश गुप्ता से हुई थी। 1987 में प्रतीक का जन्म हुआ। 1990 में चंद्र प्रकाश गुप्ता और साधना का तलाक हो गया। इसी दौरान साधना और मुलायम की करीबी हो गई। 2003 में मुलायम सिंह ने साधना गुप्ता से शादी कर ली और सार्वजनिक तौर पर प्रतीक को बेटे का हक दिया था।
प्रतीक ने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी। वे राजनीति से दूर थे। उनका रियल एस्टेट और फिटनेस का बिजनेस था। प्रतीक लखनऊ में 'द फिटनेस प्लैनेट' नाम से एक जिम के मालिक थे। प्रतीक ने अपर्णा यादव से 14 साल पहले लव-मैरिज की थी। दोनों की दो बेटियां हैं।
प्रतीक ने इसी साल 19 जनवरी को अचानक पत्नी अपर्णा से तलाक लेने का ऐलान कर दिया था। उन्होंने कहा था कि अपर्णा ने मेरी जिंदगी नरक बना दी। हालांकि, 9 दिन बाद दोनों में सुलह हो गई थी। इसके बाद इंस्टाग्राम पर प्रतीक ने अपर्णा के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था कि ‘All is Good यानी सब अच्छा है।