चेन्नई। तमिलनाडु में थलापति विजय सरकार ने विश्वासमत जीत लिया है। विजय के पक्ष में 144 वोट पड़े। जबकि 234 सदस्यीय विधानसभा में साधारण बहुमत के लिए 118 विधायकों का समर्थन ही जरूरी होता है। सदन में वोटिंग के वक्त 172 विधायक मौजूद रहे। डीएमके ने फ्लोर टेस्ट का बहिष्कार किया था और पार्टी के सदस्य वोटिंग से दूर रहे।

टीवीके ने 108 सीटों पर जीत हासिल की है. डीएमके को 59 सीटों पर जीत मिली है। AIADMK ने 47 सीटों पर जीत हासिल की है। कांग्रेस को 5 सीटें मिली हैं. पीएमके को चार सीटों पर विजय मिली थी। ऐसे में डीएमके के बहिष्कार के बाद सदन में बहुमत का आंकड़ा और कम हो गया था। ऐसे में विजय का फ्लोर टेस्ट अब महज औपचारिकता रह गई थी।

TVK को 47 विधायकों वाली AIADMK के 25 बागी विधायक के अलावा, कांग्रेस, CPI, CPI (M), VCK, IUML और AMMK से बागी विधायक ने समर्थन किया। विश्वास प्रस्ताव के विरोध में 22 वोट पड़े, जो AIADMK के बचे हुए विधायकों के रहे। 59 विधायकों वाली DMK ने सदन से वॉकआउट कर दिया। इस दौरान 5 विधायक (PMK 4 और BJP 1) न्यूट्रल रहे। स्पीकर ने वोट नहीं डाला।

क्रॉस वोटिंग के साथ ही AIADMK में फूट भी पड़ गई है। पार्टी दो धड़ों पलानीस्वीमी और सीवी षणमुगम में बंट गई है। सदन में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने विजय की AIADMK के बागी विधायकों से मुलाकात पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह मुलाकात बदलाव है या सौदेबाजी। क्या यही आपकी साफ-सुथरी सरकार है। TVK सरकार को इंस्टाग्राम Reel के जरिए नहीं, बल्कि Real गवर्नेंस करनी चाहिए। इस पर सीएम विजय ने कहा हमारी सरकार सेक्युलर तरीके से घोड़े की रफ्तार से काम करेगी न कि हॉर्स ट्रेडिंग में शामिल होगी।