धार। मध्य प्रदेश के धार जिले से एक दर्दनाक घटना की खबर सामने आई है। यहां खेत की मेड़ को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गुरुवार को ग्राम सीतापाट के भूतिया क्षेत्र में किसान शेर सिंह की 15 से 20 लोगों ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने चार नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें:बड़वानी में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, एक महिला की मौत, 50 से अधिक घायल

जानकारी के अनुसार, किसान शेर सिंह का अपने पड़ोसियों से खेत की मेड़ को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह विवाद फिर भड़क उठा और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि 15 से 20 लोगों ने अचानक शेर सिंह पर हमला कर दिया। हमलावर लाठी, पत्थर और चाकू लेकर पहुंचे थे और उन्होंने किसान पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिया।

जान बचाने के लिए शेर सिंह पास के एक घर में घुस गए लेकिन हमलावर पीछे-पीछे घर में घुस आए और वहीं उनकी बेरहमी से पिटाई जारी रखी। हमलावरों ने किसान की मोटरसाइकिल को भी तोड़ दिया। मृतक के परिजनों के अनुसार, हमलावरों की संख्या बहुत अधिक थी और उन्होंने शेर सिंह को तब तक मारा जब तक वे बेहोश नहीं हो गए।

यह भी पढ़ें:सात बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में पहुंची टीम इंडिया, 5 विकेट से दर्ज की जीत

घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल किसान को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने शेर सिंह को बचाने की हरसंभव कोशिश की लेकिन उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने कोतवाली थाने में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। जबकि, अन्य अज्ञात हमलावरों की तलाश जारी है।

शेर सिंह की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और पूरे गांव में दहशत और गुस्से का माहौल है। देर शाम मृतक के परिजन थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी नामजद आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि झगड़ा खेत की मेड़ को लेकर हुआ था लेकिन विवाद ने इतनी हिंसक शक्ल ले ली कि एक निर्दोष किसान की जान चली गई।

यह भी पढ़ें:कनाडा में भारतीय मूल के कारोबारी की पीट-पीटकर हत्या, कार पर पेशाब करने को लेकर हुआ था विवाद