जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई। घटना बैसारन घाटी इलाके में हुई। इस हमले में इंदौर के सुशील नथानियल भी मारे गए हैं। वहीं उनकी बेटी आकांक्षा घायल हो गई है। वो अपनी पत्नि जेनिफर का जन्मदिन मनाने जम्मू-कश्मीर गए थे। आतंकवादियों ने सुशील को पहले घुटनों पर बिठाया। फिर उन्हें गोलियों से भून दिया।

सुशील आलीराजपुर स्थित एलआईसी की सैटेलाइट शाखा में पदस्थ थे। वे 4 दिन पहले ही 21 वर्षीय बेटे ऑस्टिन गोल्डी, 30 वर्षीय बेटी आकांक्षा और पत्नी जेनिफर के साथ कश्मीर गए थे। एडिशनल पुलिस कमिश्नर (कानून) अमित सिंह ने सुशील की मौत की पुष्टि की है।

यह भी पढ़ें: पहलगाम हमले पर राहुल गांधी ने गृहमंत्री शाह से की बात, आतंकवाद के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग

सुशील नथानियल के भाई विकास ने मीडिया को बताया कि आतंकियों ने पहले सुशील को घुटनों पर बैठाया, फिर उन्हें कलमा पढ़ने के लिए मजबूर किया। जब उन्होंने अपना धर्म ईसाई बताया, तब आतंकवादियों ने उन्हें गोलियों से भून दिया। आकांक्षा को पैर में गोली लगी है। घटना से पहले सुशील ने अपनी पत्नी को छिपा दिया था और स्वयं आतंकवादियों के सामने खड़े हो गए थे।

जेनिफर खातीपुरा के सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। घायल आकांक्षा सूरत में बैंक ऑफ बड़ौदा में फर्स्ट क्लास ऑफिसर जबकि ऑस्टिन गोल्डी बैडमिंटन खिलाड़ी है। परिवार मूल रूप से जोबट का रहने वाला है। सेना ने इंदौर पुलिस को पहलगाम हमले के मृतकों और घायलों की लिस्ट भेजी है। इसके आधार पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर (कानून एवं व्यवस्था) अमित सिंह ने बताया कि अंकिता को पैर में गोली लगी है जबकि जेनिफर भागते समय गिरने से घायल हुई। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।