विदिशा। उत्तर प्रदेश के समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां के करीबी रहे राज्यसभा के पूर्व सदस्य स्व. चौधरी मुनव्वर सलीम के घर पर तड़के सुबह आईटी की टीम पहुंची। सलीम के डंडापुरा स्थित आवास पर सलीम का परिवार रहता है यहीं पर आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा है। बुधवार को सुबह छह आयकर विभाग के अफसरों की छह गाड़ियां वहां पहुंचीं। जिसमें इंदौर और भोपाल के अधिकारी शामिल हैं। सीएसपी राजेश तिवारी ने इस छापे की पुष्टि की है।

जानकारी के मुताबिक छापे की कार्रवाई आजम खान के अल जौहर ट्रस्ट से जुड़ी हुई है। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में अल जौहर ट्रस्ट से जुड़े कई ठिकानों पर आज सुबह से आईटी की टीम पहुंची हुई है। अल जौहर ट्रस्ट के यूपी और एमपी में स्थित कई ठिकानों पर कर्रवाई की जा रही है। इसमें आजम खान के करीबियों के ठिकाने सबसे प्रमुख हैं। विदिशा में यह कर्रवाई स्व. चौधरी मुनव्वर सलीम के घर पर चल रही है। 

बताते चलें कि चौधरी मुनव्वर सलीम सपा नेता आजम खान के बेहद करीबी थे। आजम खान के समर्थन के चलते ही सलीम वर्ष 2012 में राज्यसभा सदस्य चुने गए थे। वर्ष 2019 में 66 वर्ष की उम्र में किडनी और लीवर की बीमारियों के चलते उनका निधन हो गया था। आईटी की टीम पिछले पांच घण्टे से मुनव्वर सलीम के घर पर स्थित है। यहां मुनव्वर सलीम के बेटे और भाई रहते हैं। जब तक आईटी की टीम यहां स्थानीय पुलिस को लेकर पहुंची है। जबतक कर्रवाई चल रही है तबतक किसी को भी घर से बाहर और घर के अंदर जाने की इजाज़त नहीं है।

वहीं यूपी में भी आजम खान के कई करीबियों और उनके ट्रस्ट से जुड़े लगभग 30 ठिकानों पर आज सुबह से कार्रवाई जारी है। इस ट्रस्ट पर टैक्स चोरी और जमीन घोटाले के आरोप लगे हैं। बता दें आजम खान अभी ज़मानत पर बाहर हैं। उन्हें हेट स्पीच मामले में रामपुर की अदालत ने 2 साल कक सजा सुनाई थी।