भोपाल में प्रदूषण और ठंड से बढ़ी रेस्पिरेटरी मरीजों की संख्या, रोज 2000 लोग पहुंच रहे अस्पताल

भोपाल में ठंड और वायु प्रदूषण के कारण सांस संबंधी मरीजों की संख्या बढ़ी। सरकारी और निजी अस्पतालों में रोजाना 2000 मरीज पहुंच रहे हैं।

Updated: Nov 25, 2026, 10:57 AM IST

भोपाल में ठंड, कोहरे और वायु प्रदूषण के बीच सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शहर के सरकारी और निजी अस्पतालों की ओपीडी में रोजाना करीब 2000 मरीज रेस्पिरेटरी समस्याओं के इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। सामान्य दिनों में यह संख्या लगभग 500 रहती है। यानी मरीजों का आंकड़ा चार गुना हो गया है। इसका असर बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा व सीओपीडी के मरीजों पर सबसे ज्यादा दिखाई दे रहा है।

डॉक्टरों के मुताबिक, इस बार मरीजों को संक्रमण से उबरने में भी पहले से ज्यादा वक्त लग रहा है। खासतौर पर बच्चों को ठीक होने में 7 से 10 दिन तक लग रहे हैं। जबकि, पहले 3 से 4 दिन में ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल जाती थी। कुछ मरीजों में खांसी और दूसरे लक्षण 15 दिन से अधिक समय तक बने रहने की शिकायत भी सामने आ रही है।

शहर के सरकारी और निजी अस्पतालों में रेस्पिरेटरी यानी सांस से जुड़ी समस्याओं के करीब 2000 मरीज प्रतिदिन ओपीडी में पहुंच रहे हैं। सामान्य दिनों में यह आंकड़ा लगभग 500 रहता है। इसके अलावा कई मरीजों में वायरल संक्रमण दोबारा होने के मामले भी सामने आ रहे हैं। कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार की समस्या बार बार परेशान कर रही है। कुछ मरीज सांस लेने में कठिनाई और सीने में जकड़न की शिकायत लेकर भी अस्पताल पहुंच रहे हैं।

जेपी अस्पताल के पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. अंकित तोमर के अनुसार, धूल और वायु प्रदूषण सांस संबंधी परेशानियों के बढ़ने की प्रमुख वजह हैं। ठंडी हवा के साथ वातावरण में मौजूद प्रदूषित कण श्वसन नलियों में सूजन और सिकुड़न पैदा कर सकते हैं। इसका असर खासतौर पर एलर्जी और पहले से सांस की बीमारी से जूझ रहे मरीजों पर पड़ता है।

प्रदूषण और तापमान में गिरावट का सबसे ज्यादा असर अस्थमा और क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) के मरीजों पर पड़ रहा है। जेपी अस्पताल में पहले प्रतिदिन एक से दो अस्थमा मरीज इलाज के लिए आते थे लेकिन अब यह संख्या चार से अधिक हो गई है। हमीदिया अस्पताल में भी अस्थमा के मरीजों की संख्या पहले के 8-10 से बढ़कर करीब 20 तक पहुंच गई है।

हृदय रोगियों की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हमीदिया अस्पताल की ओपीडी में पहले रोजाना करीब 150 हार्ट पेशेंट आते थे। जबकि, अब यह आंकड़ा 200 तक पहुंच रहा है। इस तरह मरीजों की संख्या में लगभग 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। 50 से 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के साथ पहले से हृदय और फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित मरीजों को विशेष परेशानी हो रही है।

मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के 24 नवंबर को रात 9 बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक, भोपाल के तीन निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) अलग अलग दर्ज किया गया। पर्यावरण परिसर में एक्यूआई 197, टीटी नगर में 137 और कलेक्ट्रेट क्षेत्र में 115 रहा। इन तीनों स्थानों के आंकड़ों में 82 अंकों का अंतर दर्ज किया गया।

प्रदूषण के स्तर में इस अंतर के बावजूद तीनों निगरानी केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही। पर्यावरण परिसर में पीएम 2.5 प्रमुख प्रदूषक रहा। जबकि, टीटी नगर और कलेक्ट्रेट क्षेत्र में पीएम 10 की मौजूदगी अधिक प्रभावी रही।

बदलते मौसम और प्रदूषण के बीच डॉक्टरों ने बुजुर्गों, बच्चों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है। सुबह और शाम ठंड के समय बिना जरूरत घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। अस्थमा और सीओपीडी के मरीजों को प्रदूषण के संपर्क में आने से बचने के लिए मास्क का इस्तेमाल करना चाहिए।

इसके अलावा धूल और धुएं वाली जगहों से दूरी बनाए रखना जरूरी है। नियमित रूप से चल रही दवाएं बंद नहीं करनी चाहिए और बच्चों तथा बुजुर्गों को ठंडी हवा से बचाना चाहिए। सांस फूलने, सीने में जकड़न या लगातार बुखार जैसी समस्या होने पर खुद इलाज करने के बजाय डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।