शिवराज सिंह चौहान की कैबिनेट में महेंद्र सिंह सिसोदिया को पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय की ज़िम्मेदारी मिली है। सिसोदिया कमल नाथ सरकार में मंत्रालय का कार्यभार संभाल चुके हैं। वे ग्वालियर चंबल संभाग से हैं। मार्च में शुरू हुए मध्य प्रदेश राजनीतिक संकट में उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया का साथ दिया और वे इस्तीफा देने वाले 22 कांग्रेसी विधायकों में शामिल थे। उन्हें ज्योतिरादित्य सिंधिया का करीबी माना जाता है।

30 अगस्त 1962 को गुना में जन्मे महेंद्र सिंह सिसोदिया को पहली बार 2013 में बमोरी से विधायक चुना गया। दिसंबर 2018 में वे फिर से विधायक बने और कमलनाथ सरकार में उन्हें मध्य प्रदेश श्रम मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई।

खेती में रुचि रखने वाले महेंद्र सिंह सिसोदिया विवादित बयान भी देते रहे हैं। जनवरी 2019 में अपने विधानसभा के गांव हिनोतिया में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि उनका एक-एक कार्यकर्ता मंत्री है और जो भी अधिकारी या सरकारी कर्मचारी उनके कार्यकर्ताओं की बात नहीं मानेगा उसे लात मारकर बाहर कर दिया जाएगा।