भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सफल विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन से यह सफलता प्राप्त की है, जो न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। मैं सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जो विद्यार्थी इस बार अपने अपेक्षित परिणाम प्राप्त नहीं कर सके हैं, उनसे मैं कहना चाहता हूँ कि निराश होने की आवश्यकता नहीं है। जीवन में सफलता का मार्ग केवल एक परीक्षा से तय नहीं होता। असफलता हमें सीखने और आगे बेहतर करने का अवसर देती है।

उन्होंने परीक्षा में बेहतर न कर पाने वाले छात्रों से आग्रह किया है कि हिम्मत बनाए रखें, अपनी कमियों को पहचानें और पहले से अधिक मेहनत एवं एकाग्रता के साथ आगे बढ़ें। निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच से ही सफलता प्राप्त होती है।