बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने उनके चर्चित काला हिरण शिकार मामले से प्रेरित बताई जा रही आगामी फिल्म काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी के निर्माताओं के खिलाफ कानूनी कदम उठाया है। सलमान की ओर से लॉ फर्म डीएसके लीगल ने फिल्म से जुड़े कास्टिंग डायरेक्टर अक्षय पांडे को नोटिस भेजकर फिल्म के निर्माण, प्रचार और इससे संबंधित सभी गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से रोकने की मांग की है। कानूनी टीम का कहना है कि प्रस्तावित फिल्म अभिनेता की छवि को नुकसान पहुंचा सकती है। साथ ही उनके व्यक्तित्व अधिकारों का उल्लंघन कर सकती है और अदालत में लंबित मामले की निष्पक्ष सुनवाई को प्रभावित कर सकती है।
24 अप्रैल 2026 को जारी किए गए नोटिस में दावा किया गया है कि फिल्म की कहानी सलमान खान के खिलाफ दर्ज काला हिरण शिकार मामले और उससे जुड़े विवादों पर आधारित है। नोटिस के अनुसार, अक्षय पांडे कथित तौर पर कलाकारों से संपर्क कर फिल्म की कहानी, किरदारों के विवरण और अन्य सामग्री साझा कर रहे थे। जिसमें यह संकेत दिया गया कि कहानी सलमान खान से जुड़े घटनाक्रमों से प्रेरित है। सलमान की कानूनी टीम ने स्पष्ट किया है कि अभिनेता ने अपने नाम, पहचान, छवि या उनसे जुड़ी किसी भी कथित घटना के उपयोग की अनुमति नहीं दी है।
यह भी पढ़ें:IIM इंदौर करेगा वैभव सूर्यवंशी पर केस स्टडी, खेल की दुनिया के लिए बनेगा नया मॉडल
फिल्म का पोस्टर हाल ही में जारी किया गया था और मेकर्स ने 20 जून को इसका फर्स्ट लुक और टीजर रिलीज करने की घोषणा की थी। पोस्टर में एक ऐसे किरदार को दिखाया गया है जिसकी वेशभूषा, हेयरस्टाइल और हाथ में पहना गया ब्रेसलेट सलमान खान से मिलता जुलता है। इसी आधार पर अभिनेता की टीम का आरोप है कि फिल्म निर्माता जानबूझकर दर्शकों के बीच सलमान खान और फिल्म के बीच संबंध स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं।
नोटिस में यह भी कहा गया है कि काला हिरण शिकार मामला अभी राजस्थान हाई कोर्ट में विचाराधीन है। ऐसे में इस प्रकरण पर आधारित किसी फिल्म का निर्माण और उसका प्रचार न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है। कानूनी टीम का तर्क है कि मामले का सनसनीखेज या नाटकीय चित्रण जनमानस में पूर्वाग्रह पैदा कर सकता है। जिसकी वजह से सलमान खान के निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार पर असर पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें:अशोकनगर में खाद न मिलने पर फूटा किसानों का गुस्सा, राजमाता चौराहे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ किया चक्काजाम
डीएसके लीगल ने फिल्म को संभावित रूप से मानहानिकारक बताते हुए कहा है कि इसमें ऐसे आरोपों और घटनाओं को दिखाया जा सकता है जो अभिनेता की प्रतिष्ठा और पेशेवर छवि को नुकसान पहुंचाएं। नोटिस में फिल्म से जुड़े सभी पक्षों से विकास कार्य, शूटिंग और प्रचार गतिविधियां तत्काल बंद करने के साथ-साथ बिना शर्त लिखित माफीनामा जारी करने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्देशों का पालन नहीं होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई शुरू की जा सकती है तथा हर्जाने का दावा भी किया जा सकता है।
फिल्म काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी का निर्माण अमित जानी की कंपनी जानी फायरफॉक्स मीडिया प्राइवेट लिमिटेड कर रही है। फिल्म का निर्देशन भारत एस. श्रीनाते कर रहे हैं। इससे पहले यह प्रोडक्शन हाउस उदयपुर फाइल्स: कन्हैया लाल टेलर मर्डर, कराची टू नोएडा और लॉरेंस: ए गैंगस्टर स्टोरी जैसे चर्चित और विवादित प्रोजेक्ट्स की घोषणा कर चुका है।
यह भी पढ़ें:ट्विशा शर्मा केस: मुख्य गवाह नीरज पर समर्थ सिंह के दोस्तों ने किया हमला, गवाही न देने की दी धमकी
फिल्म के निर्माता अमित जानी ने पहले बताया था कि कहानी 1998 के कांकाणी काला हिरण शिकार मामले से जुड़ी है। उनके अनुसार, फिल्म में उस मामले से संबंधित कोर्टरूम ड्रामा, अपराध, थ्रिलर और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई तथा सलमान खान के बीच चले आ रहे विवाद को सिनेमाई रूप में प्रस्तुत किया गया है। फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के संभल, मुरादाबाद और अन्य शहरों में की गई है।
गौरतलब है कि सलमान खान के खिलाफ साल 1998 में जोधपुर के कांकाणी गांव में काला हिरण के शिकार का आरोप लगा था। उस दौरान वे फिल्म हम साथ-साथ हैं की शूटिंग कर रहे थे। उनके खिलाफ दो चिंकारा शिकार मामले, एक काला हिरण शिकार मामला और एक आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया गया था। बिश्नोई समुदाय की शिकायत पर दर्ज इस केस में अभिनेता के साथ सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम का नाम भी शामिल हुआ था।
यह भी पढ़ें:भोपाल में नशीले कफ सिरप नेटवर्क का भंडाफोड़, STF ने जब्त की 23 हजार से ज्यादा बोतलें
मामले में सलमान खान को अक्टूबर 1998 में पहली बार गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। साल 2006 में चिंकारा शिकार मामलों में उन्हें सजा सुनाई गई थी। 2017 में आर्म्स एक्ट मामले में वे बरी हो गए थे। जबकि, 5 अप्रैल 2018 को काला हिरण शिकार मामले में उन्हें पांच साल की सजा और 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया था। इस मामले में अन्य कलाकारों को अदालत ने बरी कर दिया था। बाद में सलमान को जमानत मिल गई और फिलहाल मामला राजस्थान हाई कोर्ट में लंबित है। मई 2026 में हुई सुनवाई के बाद अदालत ने अगली तारीख 13 जुलाई 2026 तय की है।