जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व विभाग के एक राजस्व निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी एक व्यापारी से जमीन के सीमांकन की प्रक्रिया पूरी कराने के बदले रिश्वत मांग रहा था। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर उसे 80 हजार रुपए लेते समय पकड़ लिया।

मामला शहपुरा तहसील क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, जबलपुर के व्यापारी रोहित जैन और उनके सहयोगियों ने ग्राम क्लोन में मटर प्रसंस्करण प्लांट स्थापित करने के उद्देश्य से जमीन खरीदी थी। जमीन का नामांतरण हो चुका था लेकिन सीमांकन की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होना बाकी थी। इसी कार्य के लिए उन्होंने संबंधित राजस्व निरीक्षक करण सिंह लोधी से संपर्क किया।

यह भी पढे़ं:काला हिरण फिल्म पर सलमान खान का एक्शन, मेकर्स को नोटिस भेज की शूटिंग और प्रमोशन रोकने की मांग

शिकायतकर्ता के अनुसार, अधिकारी ने दस्तावेजों की जांच के दौरान कुछ कमियां बताई थी। जिन्हें बाद में पूरा कर दिया गया था। इसके बावजूद सीमांकन की कार्रवाई आगे बढ़ाने के लिए एक लाख रुपए की मांग की गई। व्यापारी का आरोप है कि वह करीब दो महीने से अपने काम के लिए राजस्व कार्यालय के चक्कर लगा रहा था लेकिन हर बार किसी न किसी कारण से प्रक्रिया को टाल दिया जाता था।

लगातार हो रही देरी और रिश्वत की मांग से परेशान होकर रोहित जैन ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक के पास लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले की छानबीन की। जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।

मंगलवार सुबह आरोपी राजस्व निरीक्षक ने शिकायतकर्ता को रतन कॉलोनी स्थित अपने घर के पास बुलाया। तय योजना के अनुसार, व्यापारी ने उसे 80 हजार रुपए सौंपे। जैसे ही करण सिंह लोधी ने रकम स्वीकार की वैसे ही मौके पर मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया।

यह भी पढे़ं:IIM इंदौर करेगा वैभव सूर्यवंशी पर केस स्टडी, खेल की दुनिया के लिए बनेगा नया मॉडल

कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। लोकायुक्त निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप कार्रवाई की गई। जिसमें राजस्व निरीक्षक को नकद राशि लेते हुए गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।