शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान एक बुजुर्ग की अचानक मौत हो गई। बदरवास तहसील के ग्राम सडबूड़ निवासी 70 वर्षीय बादल सिंह यादव अपनी समस्या लेकर जनसुनवाई में पहुंचे थे। उन्होंने आवेदन जमा करने के बाद पंजीयन कराया और उन्हें 32 नंबर का टोकन मिला था। एडीएम कार्यालय के बाहर बेंच पर बैठकर अपनी बारी आने का इंतजार करते समय उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, बादल सिंह यादव मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचे थे। जनसुनवाई में अपनी शिकायत अधिकारियों के सामने रखने के लिए उन्होंने पहले आवेदन जमा कराया और निर्धारित प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद उन्हें 32 नंबर का टोकन दिया गया। टोकन मिलने के बाद वह एडीएम कार्यालय के बाहर रखी बेंच पर बैठ गए और अपनी बारी का इंतजार करने लगे।
यह भी पढ़ें:48 घंटे में इमरान खान को अस्पताल भेजें, पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट का शाहबाज सरकार को निर्देश
कुछ समय बाद आसपास मौजूद लोगों की नजर उन पर पड़ी तो वह बेंच पर अचेत अवस्था में मिले। उनकी हालत देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों और कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी गई। जिसके बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बुजुर्ग की अचानक मौत की सूचना मिलते ही कलेक्ट्रेट में मौजूद लोगों और अधिकारियों के बीच शोक का माहौल बन गया। वहां लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनसुनवाई में अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे लेकिन कुछ ही देर में वहां सन्नाटा छा गया। परिजनों को घटना की जानकारी दी गई और प्रशासन की ओर से आवश्यक औपचारिकताएं शुरू की गई। बादल सिंह यादव किस समस्या या मांग को लेकर जनसुनवाई में पहुंचे थे इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। उन्होंने आवेदन जरूर जमा कर दिया था लेकिन अधिकारियों के सामने अपनी शिकायत रखने की बारी आने से पहले ही उनकी मौत हो गई।