भोपाल। मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक मंदिरों और स्मारकों से प्राचीन मूर्तियों और पुरातात्विक कलाकृतियों की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 1960 के दशक से अब तक देशभर के केंद्रीय संरक्षित स्मारकों से चोरी हुई 488 पुरातात्विक कलाकृतियों में से 319 अकेले मध्य प्रदेश से गायब हुई हैं। यह देशभर में चोरी हुई कुल कलाकृतियों का करीब 65 फीसदी है। ASI ने 13 नवंबर को प्रदेश के पुरातत्व विभाग को चोरी हुई धरोहरों का विस्तृत रिकॉर्ड सौंपा है।
आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश के ग्वालियर संभाग में धरोहर चोरी के सात मामले दर्ज किए गए हैं। यहां से चोरी हुई 3.5 टन वजनी प्राचीन तोप और अष्टभुजी देवी की प्रतिमा अब तक लापता हैं। जबलपुर संभाग में चोरी के छह मामले सामने आए हैं, जिनमें दो मामलों में बरामदगी हुई है। धुबेला और रीवा की चार प्रतिमाएं अब भी गायब हैं। इंदौर संभाग में चोरी के तीन मामले दर्ज हुए हैं। यहां मंदसौर से 10वीं सदी की वराह प्रतिमा बरामद की गई है, जबकि नीमच के बरखेड़ा से चोरी हुई नटराज और चामुंडा की प्रतिमाओं का अब तक पता नहीं चल सका है।
धरोहरों की चोरी के मामलों में शिवपुरी के नरवर किले से जुलाई 2026 में करीब 400 साल पुरानी 3.5 टन वजनी तोप चोरी होने का मामला भी शामिल है। पुलिस की जांच में ग्वालियर संभाग से चोरी हुई इस तोप के राजस्थान पहुंचने के सुराग मिले हैं, लेकिन अब तक इसे बरामद नहीं किया जा सका है। वहीं, भोपाल संभाग में 3 सितंबर 2024 को श्यामला हिल्स स्थित राज्य संग्रहालय में चोरी की कोशिश करने वाले एक व्यक्ति को मौके पर ही पकड़ लिया गया था।
प्राचीन मूर्तियों और कलाकृतियों की तस्करी करने वाले गिरोह इन्हें पहचान से बचाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाते हैं। तस्कर मूर्तियों पर नया पेंट, रासायनिक लेप या प्लास्टर चढ़ाकर उन्हें सामान्य हस्तशिल्प की वस्तुओं जैसा दिखा देते हैं। कई बार कलाकृतियों को औद्योगिक मशीनों और कंटेनरों के खाली हिस्सों में छिपाकर बाहर भेजा जाता है। पत्थर के बड़े स्तंभों को आरी से काटकर विदेश भेजने के मामले भी सामने आए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन पुरावशेषों की खरीद-फरोख्त के लिए तस्करी का संगठित नेटवर्क काम करता है।
प्रदेश से चोरी हुई कई प्राचीन धरोहरों का संबंध अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से भी सामने आया है। कटनी से 2006 में चोरी हुई करीब 2200 साल पुरानी भरहुत यक्षी की प्रतिमा अमेरिका में करीब 80 करोड़ रुपये में बेचे जाने की तैयारी थी। वर्ष 2011 में यह प्रतिमा अंतरराष्ट्रीय पुरावस्तु कारोबारी सुभाष कपूर के न्यूयॉर्क स्थित गोदाम से बरामद हुई थी। इसी तरह मध्य प्रदेश से चोरी हुई सेलेस्टियल डांसर की प्राचीन प्रतिमा नवंबर 2024 में अमेरिका से भारत वापस लाई गई थी। 2026 में अमेरिका से वापस लाई गई पुरावस्तुओं में मध्य प्रदेश से चोरी हुई नृत्य करते गणेश की प्रतिमा भी शामिल थी।
धरोहरों की चोरी रोकने और उनकी पहचान आसान बनाने के लिए अब दस्तावेजीकरण पर जोर दिया जा रहा है। ASI के निर्देश पर प्रदेशभर में धरोहर संरक्षण और जागरूकता को लेकर सात दिवसीय प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है, जो 20 नवंबर तक चलेगी। इसके साथ ही चोरी हुई कलाकृतियों का फोटोग्राफिक रिकॉर्ड और डिजिटल डेटाबेस तैयार करने, संवेदनशील स्मारकों की निगरानी बढ़ाने तथा पुरातत्व विभाग और जांच एजेंसियों के बीच समन्वय मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है।