जालंधर। पंजाब के जालंधर में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के नेता सतिंपाल सिंह जोगी उर्फ लक्की ओबेरॉय की 6 फरवरी की सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। 53 वर्षीय ओबेरॉय पर स्कूटी सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उस दौरान वह मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारे में माथा टेकने के बाद अपनी थार गाड़ी में बैठ रहे थे। उन्हें 8 गोलियां मारी गई थी जिनमें 6 गोलियां सीने में, एक गोली चेहरे और एक सिर के पास लगी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
घटना सुबह लगभग 7:15 बजे की बताई जा रही है। पुलिस जांच के मुताबिक, लक्की ओबेरॉय अपनी रोजाना की तरह गुरुद्वारे पहुंचे थे। हमलावर पहले से ही वहां घात लगाकर बैठे थे और ओबेरॉय के गुरुद्वारे से बाहर निकलने तथा गाड़ी में बैठने तक इंतजार कर रहे थे। जैसे ही वे ड्राइवर सीट पर बैठे वैसे ही एक्टिवा स्कूटी पर सवार दो बदमाशों ने बेहद करीब से उन पर गोलियां बरसा दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से कार के शीशे चकनाचूर हो गए और ओबेरॉय को संभलने का मौका तक नहीं मिला। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है।
यह भी पढ़ें:क्रिकेटर रिंकू सिंह का फेसबुक अकाउंट हैक, हैकर्स ने मोनेटाइजेशन से आने वाले पैसे हड़पे
परिजनों ने पहले उन्हें मॉडल टाउन स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार फिर उन्हें शहर के श्रीराम अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उन्हें मृत ही बताया। डॉक्टरों के अनुसार, ओबेरॉय को बेहद करीब से निशाना बनाया गया था और शरीर में कई गोलियां लगने से उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई थी। वेंटिलेटर पर रखने के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह वारदात पूरी योजना और रेकी के बाद अंजाम दी गई है। अधिकारियों का मानना है कि हमलावरों को ओबेरॉय की रोजाना की दिनचर्या, गुरुद्वारे आने का समय और उनकी गाड़ी तक की पूरी जानकारी थी। पुलिस को यह भी संदेह है कि खुले इलाके में हमला करने के बजाय हमलावरों ने उन्हें गाड़ी के भीतर फंसाकर निशाना बनाया ताकि वे बचाव या भागने की कोशिश न कर सकें। जिस सटीकता और तेजी से वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार हुए उससे पेशेवर गैंगस्टर गिरोह की भूमिका की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें:रायसेन में शादी समारोह में दूल्हे के दोस्त ने की फायरिंग, भोपाल के चार युवक घायल, दो की हालत गंभीर
जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया है कि 25 दिसंबर 2025 को गैंगस्टर शेरू ग्रुप द्वारा सोशल मीडिया पर लक्की ओबेरॉय को लेकर धमकी भरी पोस्ट की गई थी। इसके अलावा खालसा कॉलेज जालंधर की प्रधानगी को लेकर विवाद भी चल रहा था। हत्या की जिम्मेदारी जस्स बुट्टर नामक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लेने की बात भी सामने आई है। इसमें शेरू ग्रुप से प्रधान नियुक्त करने को लेकर विवाद का जिक्र किया गया है।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और शहर के सभी नाकों पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। एडीसीपी जयंत पुरी के नेतृत्व में जांच जारी है और हाईटेक टीमों द्वारा गुरुद्वारे व आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस स्कूटी का नंबर और हमलावरों की पहचान के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद ले रही है। एडीसीपी हरिंदर सिंह गिल के अनुसार, हमलावरों ने अपने चेहरे ढंके हुए थे। पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए टीम गठित की हैं।
यह भी पढ़ें:मऊगंज में 8वीं की छात्रा के साथ गैंगरेप, स्कूल जाते वक्त नाबालिग को अगवा कर जंगल में ले गए थे आरोपी
लक्की ओबेरॉय आम आदमी पार्टी के सक्रिय नेताओं में गिने जाते थे और जालंधर कैंट में वार्ड-35 के हलका इंचार्ज थे। वे पार्टी की स्थानीय राजनीति में मजबूत पकड़ रखते थे और जालंधर कैंट की इंचार्ज राजविंदर कौर थियाडा के करीबी माने जाते थे। उनकी पत्नी भी आम आदमी पार्टी के टिकट पर नगर निगम चुनाव लड़ चुकी हैं। परिवार में उनकी बुजुर्ग मां, दो भाई, दो बेटियां और एक बेटा हैं। हत्या के बाद परिवार और समर्थकों में शोक और आक्रोश का माहौल है।
इस सनसनीखेज हत्या के बाद विपक्ष ने राज्य सरकार और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अकाली दल के काउंसलर कुलदीप ओबेरॉय ने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक लाभ के लिए गलत तत्वों को संरक्षण दे रही है और इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि धार्मिक स्थलों से लौटते लोगों तक को निशाना बनाया जा रहा है। वहीं, कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने भी पंजाब सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और प्रदेश को मजबूत व जवाबदेह नेतृत्व की जरूरत है। उन्होंने केंद्र सरकार को भी हालात के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
यह भी पढ़ें:इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से 33वीं मौत, इलाज के दौरान 70 वर्षीय बुजुर्ग ने तोड़ा दम