धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के धरमपुरी थाने में 23 अगस्त को खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने वाली दीपिका ठाकुर की शनिवार को इंदौर के एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसे धरमपुरी से इंदौर रेफर किया गया था। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद दीपिका का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह कई महीनों से न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने का दावा करती दिखाई दे रही है।
दीपिका 23 अगस्त को अपने पति कासिम खान और तीन बच्चों के साथ धरमपुरी थाने पहुंची थी। यहां उसने अपनी शिकायत पर सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाया। इसी दौरान उसने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डाला और आग लगा ली थी। आग बुझाने की कोशिश में सब इंस्पेक्टर अतुल जोशी समेत एक अन्य पुलिसकर्मी भी झुलस गए थे। दीपिका 25 प्रतिशत से अधिक जल गई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे इंदौर के एमवाय अस्पताल भेजा गया था।
दीपिका की मौत के बाद सामने आए वीडियो को उसके पति कासिम ने घटना से कुछ समय पहले का बताया है। वीडियो में दीपिका पुलिस कार्यालय में मौजूद नजर आती है। वह कहती है कि पिछले करीब 8-9 महीने से वह न्याय के लिए अलग-अलग अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रही है।
दीपिका का आरोप था कि उसके परिवार के लोगों ने उसके साथ मारपीट और शारीरिक प्रताड़ना की। उसका कहना था कि इस संबंध में उसने पुलिस और एसपी कार्यालय में कई बार आवेदन दिए लेकिन शिकायत के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और उसे निष्पक्ष कार्रवाई भी नहीं मिली। वीडियो में वह यह भी कहती है कि जिन लोगों के खिलाफ उसने शिकायत की है वे खुलेआम घूम रहे हैं। जबकि, वह लगातार अधिकारियों के पास अपनी फरियाद लेकर जा रही है।
वीडियो में दीपिका पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठाती दिखाई देती है। उसका कहना है कि ऐसा लगता है कि यहां उन्हीं लोगों की सुनवाई होती है जिनके पास राजनीतिक प्रभाव या किसी तरह की पावर है। वह अपने तीन बच्चों के साथ कई महीनों से न्याय के लिए भटकने की बात भी कहती है।
वीडियो में एक पुलिसकर्मी उसके हाथ से मोबाइल लेता हुआ नजर आता है। हालांकि, वीडियो किस परिस्थिति में रिकॉर्ड किया गया और इसकी पूरी पृष्ठभूमि क्या है इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
दीपिका का एक पुराना वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह कहती है कि अगर उसे कुछ हो जाता है तो उसके माता-पिता, भाई-बहन, भाभी और बड़े पापा इसके लिए जिम्मेदार होंगे। वह आरोप लगाती है कि मुस्लिम युवक कासिम खान से शादी करने के कारण उसके परिवार के लोग उससे नाराज थे। इस वीडियो में दीपिका के तीन बच्चे भी दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि दीपिका अपने पिता और भाई से संपत्ति और रुपए दिलाने की मांग को लेकर पुलिस पर दबाव बना रही थी। पुलिस के मुताबिक, थाने में घटनाक्रम के दौरान कासिम खान ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की थी।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान दीपिका ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली थी। उसे बचाने की कोशिश में दो पुलिसकर्मी झुलस गए थे। पुलिस ने बताया कि दीपिका 25 प्रतिशत से अधिक झुलसी थी और प्राथमिक उपचार के बाद उसे इंदौर रेफर किया गया।
पुलिस के मुताबिक, दीपिका और कासिम के खिलाफ धामनोद थाने में दो तथा धरमपुरी थाने में एक प्रकरण पहले से दर्ज है। थाने की घटना के बाद कासिम के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से अभद्रता और मारपीट समेत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया था।
दीपिका का मामला जनवरी से ही विवादों में रहा है। 14 जनवरी को धरमपुरी विधायक कालू सिंह ठाकुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपिका पर 2 करोड़ रुपए और गाड़ी की मांग कर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। विधायक ने दावा किया था कि दीपिका और उसके पति ने झूठी एफआईआर और मेडिकल रिपोर्ट में फंसाने की धमकी दी थी।
इसके बाद धरमपुरी और धामनोद थानों में मामले दर्ज हुए। 16 जनवरी को विधायक और दीपिका से जुड़े 10 से ज्यादा ऑडियो और वीडियो वायरल हुए थे। अगले दिन 17 जनवरी को धामनोद पुलिस ने दीपिका और उसके पति कासिम खान को लखनऊ से गिरफ्तार किया था।
इससे पहले 3 जून को भी दीपिका चर्चा में आई थी। वह अपने छोटे बच्चे को साथ लेकर धरमपुरी नगर परिषद परिसर में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गई थी। शाम करीब 6 बजे शुरू हुआ यह घटनाक्रम रात करीब 9 बजे तक चला। पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया था।
उस समय भी दीपिका ने विधायक के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया था। इससे पहले उसके मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने की बात भी सामने आई थी।
दीपिका का शव फिलहाल एमवाय अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में रखा गया है। पोस्टमार्टम रविवार को किए जाने की बात सामने आई है। पति कासिम ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी को काफी प्रताड़ित किया गया। उसका दावा है कि थाने में एक पुलिसकर्मी ने दीपिका को थप्पड़ मारा जिसके बाद उसने खुद को आग लगा ली।