भोपाल। मध्य प्रदेश बीजेपी के प्रभारी मुरलीधर राव अपनी वाचाल प्रवृति के कारण मुश्किलों में फंसते नजर आ रहे हैं। दिग्विजय सिंह के विरुद्ध बयानबाजी मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजधानी भोपाल स्थित बागसेवनिया थाने में राव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

सोमवार दोपहर भोपाल जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष रवींद्र साहू के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता बागसेवनिया थाने पहुंचे। यहां उन्होंने शिकायती आवेदन देकर मुरलीधर राव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बीजेपी प्रभारी ने राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के विरुद्ध अनर्गल व तथ्य विहीन बातें की है। इससे प्रदेश का माहौल खराब हो सकता है। 

आवेदन में कहा गया है कि दिग्विजय सिंह 50 वर्ष से सामाजिक व राजनीति में हैं। उन्होंने 10 वर्षों तक बतौर मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश की सेवा की है। मुरलीधर राव ने मध्य प्रदेश में वैमनस्यता फैलाने, समाजिक सद्भाव बिगाडने और दिग्विजय सिंह की छवि धूमिल करने की मंशा से उनके खिलाफ बयान दिए। राव के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त से सख्त कार्रवाई किया जाए। 

दरअसल, बीजेपी प्रभारी मुरलीधर राव ने दिग्विजय सिंह पर द्वेषपूर्ण टिपण्णी करते हुए उन्हें पाकिस्तान का दोस्त बताया था। इसपर दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा कि उन्हें अब अदालत में जवाब देना होगा। माना जा रहा था कि दिग्विजय सिंह बीजेपी प्रभारी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा कर सकते हैं। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने भी सोमवार को इसके संकेत दिए हैं। चूंकि, दिग्विजय सिंह आज राहुल गांधी के साथ सूरत में थे, ऐसे में उन्होंने फिलहाल मानहानि का मुकदमा तो नहीं किया। हालांकि, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।