खंडवा। कोलकाता NIA की टीम आज मध्य प्रदेश के खंडवा पहुंची। एनआईए की टीम ने यहां शहर के मोघट थाना क्षेत्र अंतर्गत खानशाहवाली क्षेत्र में अब्दुल रक़ीब कुरैशी नामक व्यक्ति के घर छापा मारा जो पूर्व में सिमी का भी सदस्य था। अब उसके ISIS से भी जुड़े होने का संदेह है। टीम रकीब से पूछताछ कर रही है। एनआईए के छापे की पुष्टि खंडवा एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ला ने की है। लेकिन इससे ज्यादा कोई और जानकारी पुलिस ने नहीं दी है।

बताया जा रहा है कि रकीब के कमरे में दो घंटे तक एनआईए की टीम ने सर्चिंग की। NIA के अधिकारियों ने उसके परिवार के लोगों से भी पूछताछ की। कोलकाता NIA के दो अधिकारी कोतवाली और मोघट पुलिस की टीम के साथ खानशाहवाली कॉलोनी में रकीब कुरैशी के घर पहुंचे। परिवार से रकीब के कमरे की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि रकीब का कमरा पहली मंजिल पर है। इसके बाद अधिकारियों ने उसके कमरे में पहुंचकर सर्चिंग की।

NIA रेड के दौरान दौरान स्थानीय पुलिस की टीम चौकस नजर आई। पुलिस ने चारों तरफ से रकीब के घर को घेर रखा था। इसके साथ ही छत से भी नजर रखी जा रही थी। बता दें कि जांच एजेंसी ने जनवरी में रकीब को खंडवा से गिरफ्तार किया था। उसके बाद उसे कोलकाता ले गए थे। उसके आइएसआइएस से संबंध की आशंका भी जताई गई थी। पूछताछ में यह पता चला था कि वह इंटरनेट मीडिया के जरिए मध्य प्रदेश के निमाड़ अंचल में अपना नेटवर्क फैला रहा था। इन सभी मामलों की जांच के लिए जांच एजेंसी लगातार इससे जुड़े ठिकानों पर दबिश दे रही है।

खंडवा एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ल ने जानकारी देते हुए बताया कि कोलकाता एनआईए की टीम आज खंडवा आई है। उसने पुलिस से जो भी मदद मांगी वो उन्हें उपलब्ध करवाई गई। मोघट थाना क्षेत्रों में उन्होंने कार्रवाई की है। जनवरी में खंडवा से एक आरोपी को गिरफ्तार किया था उसके बाद से एनआईए की टीम लगातार जांच कर रही है। आज भी इस सिलसिले में टीम कार्रवाई करने आयी है। उन्होंने कहा ये NIA का मामला है। पुलिस को इस पूरे मामले की ज्यादा जानकारी नहीं है।