भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस ब्लॉक स्तर पर संगठन को पुनर्जीवित करने की कवायद में जुटी हुई है। पार्टी ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से 77 ब्लॉक अध्यक्षों सहित इंदौर शहर जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की घोषणा की है।
पार्टी ने शैलेश गर्ग को इंदौर शहर जिला कांग्रेस का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही प्रवेश वर्मा, बलराम परिहार समेत 10 नेताओं को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इंदौर के इस कार्यकारिणी में 18 महामंत्री, 19 सचिव, दो प्रवक्ता और एक सोशल मीडिया प्रभारी की भी नियुक्ति की गई है। इसके अलावा 18 जिलों के 77 ब्लॉक्स में अध्यक्ष की नियुक्ति की गई है।
संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले ने बताया कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त करना तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा है कि वे पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाते हुए आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
डॉ. कामले ने कहा कि इंदौर शहर में संगठनात्मक विस्तार के माध्यम से कांग्रेस पार्टी को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा बूथ स्तर तक संगठन को सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ करेंगे।