जयपुर। राजस्थान निकाय चुनाव में अजीबोगरीब परिणाम देखने को मिल रहे हैं। कई जगह के नतीजे इतने चौंकाने वाले हैं कि उसपर यकीन करना मुश्किल है। डीडवाना कुचामन जिले की परबतसर नगर पालिका में बीजेपी प्रत्याशी को महज एक ही वोट मिला है। हैरानी की बात यह रही कि नतीजे से स्पष्ट है कि उनकी पत्नी और माता-पिता तक ने उन्हें वोट नहीं दिया है। 

परबतसर नगर पालिका के वार्ड नंबर 13 से कैलाश चंद्र  बीजेपी के टिकट पर चुनाव मैदान में थे। उन्हें उम्मीद थी कि सत्तारूढ़ बीजेपी की टिकट पर वह जीत हासिल कर ही लेंगे। लेकिन उन्हें इतना बड़ा झटका लगने की उम्मीद नहीं थी। जब परिणाम जारी हुआ तो पता चला कि उन्हें महज एक ही वोट मिला है। यानी उनके सगे सम्बन्धियों तक ने उन्हें वोट नहीं दिया।

राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार कांग्रेस उम्मीदवार हिना खानम ने 376 वोट लेकर चुनाव जीता। इस वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवार राशिद खान को 195 वोट मिले हैं। इस तरह हिना खानम 181 वोटों से चुनाव जीतने में सफल रहीं। इस वार्ड में सिर्फ तीन उम्मीदवार ही चुनाव मैदान में थे। हैरानी की बात ये है कि बीजेपी प्रत्याशी नामांकन में दो प्रस्तावक भी थे। लेकिन प्रस्तावकों ने भी उन्हें वोट नहीं दिया।

इसी तरह चौंकाने वाला नतीजा सिणधरी से सामने आया है। यहाँ राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी प्रत्याशी को जीरो वोट मिला है, इसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। इस वार्ड में आरएलपी के उम्मीदवार ओम प्रकाश को एक भी वोट नहीं मिला। असल में ओमप्रकाश खुद इस वार्ड के मतदाता नहीं हैं, इसलिए उन्हें खुद का वोट भी नहीं मिल सका मगर यहां नोटा का मतदाता जरूर मिल गया। बता दें कि इस वार्ड में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच रहा, जहां बीजेपी के खेमाराम को 93 वोट मिले और कांग्रेस के भंवरा राम ने 133 वोट हासिल कर जीत दर्ज की।