सागर। मध्य प्रदेश में इन दिनों कानून व्यवस्था की स्थिति बदतर हो चली है। राज्य में पुलिसकर्मियों पर हमला की घटनाएं नहीं थम रही हैं। मऊगंज और सीहोर के बाद अब सागर में पुलिस टीम पर हमला हुआ है। यहां वारंटियों को पकड़ने पहुंची टीम को महिलाओं समेत लोगों ने घेर लिया। इसके बाद उन पर पथराव शुरू हो गया। इसमें दो पुलिसकर्मियों को चोट आई है। हमले के बाद पुलिस टीम ने भागकर अपनी जान बचाई।
घटना सुरखी थाना क्षेत्र के महुआखेड़ा गांव में गुरुवार शाम की है। पुलिस महुआखेड़ा में एक स्थायी और तीन गिरफ्तारी वारंट तामील करने गई। कोर्ट से हल्ले घोषी, रामस्वरूप घोषी, रामजी घोषी और वीरेंद्र घोषी के खिलाफ वारंट जारी हुए थे। थाने के प्रधान आरक्षक प्यारेलाल व आरक्षक बृजेंद्र वारंट तामील करने महुआखेड़ा गए थे। जहां आरोपियों और उनके परिजनों ने पथराव कर दिया। इसमें प्रधान आरक्षक प्यारेलाल को सिर में चोट लगी है। वहीं आरक्षक ब्रिजेंद्र को सिर व हाथ में चोट आई है।
यह भी पढ़ें: शराब पीने से मना करने पर हमला, भोपाल में BJP नेता के घर में घुसकर उपद्रवियों ने की तोड़फोड़
घटना की सूचना मिलते ही दो थानों से फोर्स पहुंची और मोर्चा संभाला। बताया जा रहा है कि सागर पुलिस लाइन और रहली थाना पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। सुरखी थाना क्षेत्र में दो महुआखेड़ा गांव होने से टीम गफलत में पड़ गई। टीम राजा बिलहरा के पास वाले महुआखेड़ा गांव पहुंच गई। यहां पता चला कि यहां पथराव की कोई घटना नहीं हुई है। बाद में दूसरे गांव पहुंचकर मोर्चा संभाला। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। वहीं बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मामले पर आईजी प्रमोद वर्मा ने बताया कि सुरखी थाना की पुलिस टीम वारंटियों को पकड़ने गई थी। जहां पुलिस पर पथराव किया गया। पत्थर लगने से दो पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आई हैं। मामले में कार्रवाई की जा रही है। आरोपी आदतन अपराधी है। इनके खिलाफ सुरखी थाना में आपराधिक रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है।