रतलाम। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज रतलाम के दौरे पर हैं। मुख्यमंत्री की यात्रा से पहले कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने कांग्रेस के प्रदर्शन को रोकने की कोशिश की। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। आरोप है कि पुलिस ने मांओं के साथ आई बच्चियों तक को नहीं बख्शा, उनके साथ भी धक्कामुक्की की गई।

दरअसल कांग्रेस कार्यकर्ता किसान आंदोलन, महंगाई समेत कई मुद्दों को लेकर कलेक्टर दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने रतलाम के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रभु राठौर, शहर अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, फ़ैयाज़ मंसूरी, सैय्यद वुसत जैदी, मयंक जाट समेत दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बसों में जबरन बैठाया। पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की भी हुई। जिससे वहां अफरा तफरी मच गई। गिरफ्तारी के विरोध में कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।

कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुरुष पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को धक्का दिया, और जबरन गाड़ियों में बैठाने की कोशिश की। इस दौरान एक महिला और उसकी दो साल की बच्ची को भी धक्का दिया गया। बच्ची इस दौरान डरकर रोने लगी। इस दौरान महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष यास्मीन शेरानी और उनके साथ आई महिला कार्यकर्ताओं को भी पुरुष पुलिसकर्मियों ने धक्का देकर वाहन में बैठाया।

गुरुवार को सीएम शिवराज सिंह डोसीगांव में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत डोसीगांव और डाक्टर श्यामाप्रसाद मुखर्जी नगर के आवासों का लोकार्पण करने पहुंचे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री 101 ईडब्ल्यूएस हितग्राहियों का गृह प्रवेश करवाया। साथ ही कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह अगले 5 वर्षों में रतलाम के विकास के रोडमैप की समीक्षा भी की। सीएम ने पलसोड़ा गांव में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण भी किया। इसी कार्यक्रम से पहले कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर पुलिस ने कार्रवाई करके कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।