छिंदवाड़ा। विधानसभा चुनाव को लेकर सत्ताधारी दल बीजेपी प्रदेशभर में जन आशीर्वाद यात्राएं निकाल रही है। हालांकि, इस दौरान भाजपा नेताओं को जन आक्रोश का भी सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को छिंदवाड़ा दौरे पर पहुंची समृति ईरानी को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं की जबरदस्त झड़प भी हो गई।

दरअसल, बीजेपी का सभा स्थल और कांग्रेस भवन दोनों नजदीक है और स्मृति ईरानी को कांग्रेस भवन के सामने से ही गुजरना था। यहां स्मृति ईरानी के पहुंचने से पहले कांग्रेस की महिलाएं टेंट लगाकर और गैस सिलेंडर की टंकी लेकर प्रदर्शन कर रही थी। तभी वहां पर भाजपा के कार्यकर्ताओं का एक दल आकर अंदर घुस गया और हंगामा करने लगा। जिसका कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। 

इस दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में झुमाझटकी शुरू हो गई। इसके बाद आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ता सभा स्थल की और कूच करने लगे। सामने की तरफ से भाजपा की कार्यकर्ताओं का हुजूम भी आ गया, पुलिस ने बड़ी मुश्किल से दोनों पक्षों को शांत किया। वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के आने के बाद कांग्रेस ने थाने के सामने चक्काजाम कर दिया। देर शाम तक हंगामा जारी रहा। कांग्रेस ने पुलिस को ज्ञापन देते हुए कहा कि हमारे धरना स्थल के अंदर आकर विवाद और मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।