निवाड़ी। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भाजपा और केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और धार्मिक संस्थानों पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा में शामिल हुए सिंहदेव ने कहा कि भाजपा ने ईडी, इनकम टैक्स और सीबीआई के बाद अब चुनाव आयोग को भी अपने कब्जे में ले लिया है। देश के चुनावों को प्रभावित करने का काम खुलेआम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह मामला कांग्रेस और भाजपा का नहीं, बल्कि देश के बुनियादी लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने का है।
सिंहदेव ने कहा कि प्रजातांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से सत्ता में पहुंचे कुछ लोग किसी भी कीमत पर सत्ता छोड़ना नहीं चाहते। इसके लिए देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं और बुनियादी मूल्यों को अपने कब्जे में लेने की कोशिश की जा रही है। कभी 2047, कभी 30 साल, 50 साल और कभी 100 साल तक सत्ता में बने रहने की बातें की जाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी मानसिकता लोकतंत्र के लिए गंभीर चुनौती है।
चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए सिंहदेव ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची से लाखों लोगों के नाम काटे जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि ट्रिब्यूनल में पहुंचे मामलों में 92 से 93 प्रतिशत लोग सही मतदाता पाए गए। इसका मतलब है कि एक चुनाव में बड़ी संख्या में लोगों को उनके मताधिकार से वंचित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि देश के एक प्रमुख दैनिक अखबार में इस मामले के सामने आने के बाद लोगों को समझ आया कि यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि लोकतंत्र के बुनियादी मूल्यों को बचाने का सवाल है।
सिंहदेव ने भाजपा पर धार्मिक आस्था का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिन राम जी के नाम पर भाजपा सत्ता में पहुंची, उन्हीं के नाम पर बने अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट में चढ़ावे की चोरी हुई। उन्होंने कहा कि जब लोकसभा में भाजपा दो सीटों पर सिमट गई थी, तब उसे राम जी की याद आई और रथयात्रा के जरिए उसने अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत की। 2014 में स्पष्ट बहुमत मिला और दूसरी बार 300 से अधिक सीटें आईं। तीसरी बार 400 पार का नारा दिया गया, लेकिन संविधान को मिल रही चुनौतियों के प्रति सजग मतदाताओं ने भाजपा को 240 सीटों पर समेट दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों के चयन में प्रधानमंत्री कार्यालय और गृह मंत्रालय से जुड़े लोगों की भूमिका रही। ट्रस्ट में शामिल लोगों पर चढ़ावे की राशि में गड़बड़ी के आरोप लगे। सिंहदेव ने कहा कि स्टेट बैंक ने नोटों की गिनती की व्यवस्था पर सवाल उठाए थे और चार्टर्ड अकाउंटेंट ने भी आपत्ति दर्ज कराई थी, लेकिन जिम्मेदार लोगों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। देशभर के गांवों से लोगों ने राम मंदिर के लिए श्रद्धापूर्वक जो राशि भेंट की, उसके गबन को लेकर भी तथाकथित हिंदुत्व की विचारधारा से जुड़े लोगों को कोई संकोच नहीं हुआ।
सिंहदेव ने आरोप लगाया कि भाजपा की मंशा केवल अयोध्या के मंदिर ट्रस्ट तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर के मंदिरों के ट्रस्ट पर कब्जा कर वहां आने वाली राशि का दुरुपयोग करना चाहती है। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म की मूल भावना के स्थान पर विकृत हिंदुत्व को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने भाजपा की विचारधारा और उसके नेताओं के धार्मिक दावों पर भी सवाल उठाए।
सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा की सराहना करते हुए सिंहदेव ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने यह यात्रा शुरू कर इन सभी मुद्दों को देश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने की पहल की है। हर देशवासी को इस विषय को देखना, सुनना और समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक नागरिक के रूप में वह दिग्विजय सिंह को इस पहल के लिए साधुवाद देते हैं। उम्मीद है कि यात्रा देश में ऐसी जागरूकता पैदा करेगी, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के जरिए सत्ता में पहुंचे और संस्थाओं पर कब्जा करने वाली मानसिकता के लोगों को सत्ता से बाहर किया जा सके।
उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर शुरू हुई यह यात्रा करीब 930 किलोमीटर की दूरी तय कर अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तक पहुंचेगी। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों से गुजर रही इस पदयात्रा में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों, संतों और श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिल रही है। यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह लोगों से संवाद कर सत्य, सद्भाव, भाईचारे और धार्मिक स्थलों की व्यवस्था में पारदर्शिता का संदेश दे रहे हैं।