शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और 36 लोग घायल हो गए। बारातियों को ले जा रहा तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें दबने से मौके पर ही 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। 



यह भी पढ़ें: पूर्व सैनिकों को सीएम शिवराज की नयी घोषणा पर भरोसा नहीं, 20 साल से मिले आरक्षण की अनदेखी का लगाया आरोप



घटना शुक्रवार रात 9:30 बजे हुई। जयसिंहगर के ढोलर गांव से एक पिकअप वाहन बारातियों को लेकर डोहका गांव के नजदीक देवलोंद जा रही थी। पिकअप में 42 लोग सवार थे। तभी ब्यौहारी थाना अंतर्गत क्षेत्र के टिहकी गांव के नजदीक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस सड़क हादसे में 36 लोग घायल हो गए। घायलों को ब्यौहारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां 10 घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। जिन्हें शहडोल जिला अस्पताल में रेफर किया गया है।



ब्यौहारी पुलिस थाना प्रभारी सुधीर सोनी ने बताया, ''एक शादी समारोह में कुल 42 लोगों को लेकर जा रहे तेज रफ्तार मिनी ट्रक के चालक ने टिकही में सड़क किनारे स्थित एक ढाबे के पास एक मोड़ पर नियंत्रण खो दिया। हादसे में 15 साल के एक लड़के समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 36 अन्य घायल हो गए, जिनमें से 10 की हालत गंभीर है।'' उन्होंने कहा कि चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अन्य मृत लोगों की आयु 40 से 45 वर्ष की है। 



इस घटना पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया कि विगत रात्रि शहडोल में वाहन दुर्घटना में अमूल्य जिंदगियों के काल कवलित होने का दारुण समाचार प्राप्त हुआ। मैं प्रभु से उनकी सद्गति के लिए प्रार्थना करता हूं।





घटना की सूचना मिलते ही एडीजीपी डीसी सागर, कलेक्टर वंदना वैद्य सहित पुलिस महकमा घटना स्थल पर पहुंचा। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से वर-वधु के परिवार में मातम पसरा है।