भोपाल। राजधानी भोपाल के हाई सिक्योरिटी माने जाने वाले 45 बंगला इलाके में चोरों ने भाजपा विधायक के सूने सरकारी आवास को निशाना बना लिया। पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी के सरकारी बंगले का ताला तोड़कर बदमाश स्कूटी, दो गैस सिलेंडर और बाथरूम व सिंक की टोंटियां सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। वारदात का खुलासा गुरुवार को हुआ जब विधायक के पीए राजेश लोधी लंबे समय से बंद पड़े आवास पर पहुंचे।

पुलिस के मुताबिक, चोरों ने पहले सरकारी आवास के मुख्य गेट का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हुए। बरामदे में खड़ी स्कूटी को उन्होंने अपने कब्जे में लिया। इसके बाद कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखे सामान को खंगाला। घर में कीमती सामान नहीं मिलने पर आरोपियों ने बाथरूम और सिंक में लगी टोंटियां तक उखाड़ ली। साथ ही चोरों ने घर में मौजूद दो गैस सिलेंडर भी साथ ले गए।

यह भी पढ़ें:उज्जैन में 16 साल की नाबालिग बच्ची से गैंगरेप, दो आरोपी गिरफ्तार

विधायक प्रीतम सिंह लोधी का सरकारी आवास विधानसभा सत्र खत्म होने के बाद से बंद था। 23 जुलाई को विधायक अपने घर चले गए थे और उनके साथ आवास पर रहने वाला स्टाफ भी चला गया था। इसके बाद मकान पर ताला लगा था। इसी दौरान चोरों ने मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया। गुरुवार को विधायक के पीए राजेश लोधी आवास पर पहुंचे तो मुख्य गेट और अंदर के कमरों के ताले टूटे मिले। घर की स्थिति देखने के बाद चोरी की जानकारी पुलिस को दी गई।

45 बंगला क्षेत्र राजधानी के प्रमुख वीआईपी इलाकों में शामिल है। ऐसे इलाके में विधायक के सरकारी आवास का ताला टूटने की घटना ने पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास तौर पर लंबे समय से खाली सरकारी आवासों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

यह पहली बार नहीं है जब राजधानी के वीआईपी क्षेत्र में किसी जनप्रतिनिधि या पूर्व मंत्री के आवास को चोरों ने निशाना बनाया हो। अगस्त 2026 में चार इमली स्थित पूर्व मंत्री अजय सिंह विश्नोई के सरकारी बंगले से टोंटियां चोरी होने की घटना सामने आई थी। इससे पहले अप्रैल में मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी आवास से चोर एक शील्ड ले गए थे। करीब एक साल पहले बागसेवनिया थाने के सामने पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल के सूने मकान में भी चोरी हुई थी।

यह भी पढ़ें:इंदौर के सरकारी अस्पतालों का पानी दूषित, 15 में से 6 सैंपल में मिले मल-मूत्र वाले बैक्टीरिया

विधायक के सरकारी आवास में हुई ताजा वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर चोरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।